उदयपुर | रिजर्व कैटेगरी एंड माइनोरिटी इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आरसी मिक्की) के संरक्षक और उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा ने कहा है कि अब एससी, एसटी, ओबीसी और माइनोरिटी के 1000 प्रतिभावान छात्रों को निशुल्क रोजगार परक शिक्षा दी जाएगी। सांसद मीणा ने बताया कि इसके लिए आरसी मिक्की और मेवाड़ विश्वविद्यालय चित्तौडग़ढ़ के बीच एमओयू हो गया है। इसके तहत छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय में संचालित इंजीनियरिंग सहित 300 पाठ्यक्रमों में से किसी में भी योग्यतानुसार अध्ययन कर सकेंगे। सामान्य वर्ग की 10 प्रतिभाओं को भी मौका दिया जाएगा। उद्देश्य जरूरतमंद प्रतिभाओं को निशुल्क उच्च शिक्षा मुहैया कराना है। छात्र-छात्राओं को प्रतिमाह 7 हजार रुपए छात्रावास शुल्क देना होगा। हालांकि इसके लिए एजुकेशन लोन मुहैया करवाया जाएगा। प्रवेश सांसद मीणा के चुने छात्रों और आरसी मिक्की के सदस्यों के बच्चों को ही मिलेगा।