पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • रेस्टोरेंट में चला रहा था शराब की दुकान, महिलाओं ने बंद कराया

रेस्टोरेंट में चला रहा था शराब की दुकान, महिलाओं ने बंद कराया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के मल्लातलाई क्षेत्र में शराब की नई दुकान खुल जाने के विरोध में क्षेत्र की महिलाएं सड़क पर उतर गईं। महिलाओं ने दुकान के बाहर प्रदर्शन करते हुए कुछ देर के लिए रास्ता भी जाम किया। कुछ देर के लिए दुकान भी बंद करवा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, जिससे मामला शांत हुआ। विशेष बात ये थी कि शराब की दुकान के बाहर रेस्टोरेंट लिखा हुआ था। मल्लातलाई राताखेत रोड पर वार्ड नंबर आठ में गुरुवार दोपहर बाद अंग्रेजी शराब की एक दुकान खुलने का पता चलने पर इस क्षेत्र की 50-60 महिलाएं इकट्ठा हो गई। इन महिलाओं ने रास्ते को जाम करने के साथ ही दुकान के बाद प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आक्रोश जताते हुए दुकान का शटर गिरा दिया। हंगामे की सूचना पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं से समझाइश कर रास्ता खुलवाया। इसके बाद महिलाएं और क्षेत्रवासी अंबामाता थाने भी पहुंचे। यहां पुलिस ने महिलाओं की समस्या सुनने के बाद दुकानदार को भी बुलवाकर उससे जानकारी ली। बताया गया कि क्षेत्रवासी इस दुकान को बंद करने की मांग को लेकर शुक्रवार को आबकारी आयुक्त को ज्ञापन देंगे।

पास में है स्कूल-कॉलेज और धर्मस्थल

पूर्व पार्षद कमलेश जावरिया समेत अन्य क्षेत्रवासियों के अनुसार जिस जगह शराब की नई दुकान खुली, वहां से लगभग 200 मीटर की परिधि में एक स्कूल, बीएड कॉलेज तथा एक धर्मस्थल मौजूद हैं। इसी जगह पहले भी शराब की दुकान खुली थी, जिसकाे क्षेत्रवासियों ने विरोध कर हटवा दिया था। करीब एक साल बाद फिर से खोल दी गई। पहले भी यहां छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। शराब की दुकान खोलने में नियमों की पालना नहीं की जाती है। आबकारी विभाग इस ओर ध्यान नहीं देता।

विरोध की जानकारी नहीं, कंफ्यूजन हो सकता है

मल्लातलाई क्षेत्र में राताखेत रोड पर शराब की नई दुकान खोलने को लेकर हुए विरोध की कोई जानकारी नहीं मिली है। दुकान के बाहर रेस्टोरेंट लिखा होने से जरूर लोगों को कंफ्यूजन हो सकता है। यहां दुकान नियमानुसार ही खोली है। जिस लोकेशन पर नई दुकान खुली है, वहां पहले भी दुकान खुली थी। आसपास स्कूल-कॉलेज और मंदिर की बात है तो इसी क्षेत्र में पहले से भी शराब की दुकानें स्थित हैं। योगेश श्रीवास्तव, आबकारी अधिकारी, उदयपुर

नई दुकान नहीं, केवल लोकेशन शिफ्ट की है

दुकान को लेकर विरोध हो रहा है, लेकिन ये दुकान नई नहीं है। पहले ये दुकान फतहपुरा क्षेत्र में थी, जिसे शिफ्ट कर मल्लातलाई क्षेत्र में नियमानुसार ही लगाया गया है। ये जरूर है कि शिफ्ट करने की जल्दी में दुकान पर पहले से लिखा रेस्टोरेंट और अन्य शब्दों को पुतवाया नहीं गया है। कल उसे पुतवा दिया जाएगा। संजू कंवर, लाइसेंसधारी, शराब की दुकान

खबरें और भी हैं...