रोडवेज ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत रोड जाम, तीन किमी तक लगी वाहनों की कतार
उदयपुर | फतहनगर थाना क्षेत्र में सनवाड़ के पास गुरुवार शाम रोडवेज बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की करीब तीन किलोमीटर लंबी लाइनें लग गई। पुलिस के अनुसार उदयपुर से तिजारा अलवर के बीच चलने वाली रोडवेज बस ने फतहनगर थाना क्षेत्र में मोरठ पंचायत क्षेत्र के गोल्यारी के पास बाइक को चपेट में ले लिया। इससे फतहनगर क्षेत्र के चराणा निवासी रामचंद्र (35) पुत्र माधवलाल जाट और मड़ीखेड़ा निवासी सुरेशचंद्र पुत्र (28) मदनलाल जाट की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि दोनों मृतक बाइक पर फतहनगर डीजल लेने जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में ही हादसा हो गया। हादसे के बाद दुर्घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने बीच सड़क पर धरना देते हुए जाम लगा दिया। इसके चलते करीब 3 किलोमीटर तक दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर पहुंची फतहनगर पुलिस ने समझाइश की। कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खोला गया। दोनों के शवों को सनवाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सनवाड़ मोर्चरी में रखा गया, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।