कम्युनिटी रिपोर्टर | उदयपुर
मुस्लिम समुदाय ने पवित्र रमजान-उल-मुबारक माह का पहला रोजा शुक्रवार को 41.2 डिग्री तापमान में भी पूरे 15 घंटे शिद्दत के साथ रखा। पहले ही दिन जुमा होने पर शहर की सभी 43 मस्जिदों में दोपहर 1.10 बजे तकरीर और करीब 1.30 बजे खुतबा हुआ। इसके बाद जुमे की नमाज अदा कर दुआएं मांगीं।
मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ रही। भीड़ के मद्देनजर इंतेजामिया कमेटियों ने नमाजियों के लिए खास इंतजामात किए। सभी मस्जिदों के इमाम और आलिमों ने माह-ए-रमजान की अहमियत, सवाब और दीनी पहलुओं पर तकरीर पेश की। दूसरे रोजे की शुरुआत तड़के 4.18 बजे सेहरी से होगी, जो शाम 7.15 बजे इफ्तार तक चलेगा। नमाज के बाद बंदों ने खुदा से सभी पर रहमत और बरकत देने की दुआएं मांगी। तय समय शाम 7.13 बजे बाद मस्जिदों में रोजा इफ्तारी का सिलसिला शुरू हुआ। अमूमन अकीदतमंद मस्जिदों में तराबी और अपने-अपने घरों में कुरान की तिलावत में तल्लीन रहे।
उदयपुर। चेटक स्थित पलटन मस्जिद में नमाज अदा करते अकीदतमंद।
बच्चे-युवा भी बड़ी संख्या में कुरआन की तिलाबत में तल्लीन
रोजेदारों ने पहले दिन मस्जिदों में सुबह 4.45 से 5.15 के बीच फजर की नमाज, दोपहर 1.30 से 2.15 तक जोहर की नमाज, शाम 5.30 से 6 बजे तक असर की नमाज, सूर्यास्त के तुरंत बाद मगरिब की नमाज और रात 9 से 10.30 बजे तक ईशा की नमाज के बाद तराबी की विशेष नमाज भी अदा की। तेज गर्मी की भी परवाह न करते हुए मुस्लिम बहुल मुखर्जी चौक, खांजीपीर, सिलावटवाड़ी, मल्लातलाई, धोलीबावड़ी आदि में बच्चे, युवा, बुजुर्ग आदि बड़ी संख्या में कुरआन की तिलाबत में तल्लीन रहे। लोगों ने शाम को रोजा इफ्तारी के बाद ठंडक देने वाले फल, मेवा, शरबत आदि खाने में शामिल किए।