उदयपुर | एमपी के पूर्व सीएम और एआईसीसी महासचिव दिग्विजय सिंह ने कर्नाटक में भाजपा के सरकार बनाने के दावे पर कहा है कि कांग्रेस और जेडीएस का एक भी विधायक नहीं टूटेगा। बल्कि भाजपा के कई विधायक हमारे साथ आने को तैयार हैं। विधायकों की सूची भी कांग्रेस के पास है और हम उन्हें ले रहे हैं। सिंह ने भाजपा सीएम की शपथ को सौदेबाजी की शपथ बताया जबकि भाजपा से टूटने वाले विधायकों के सौदे के सवाल पर कुछ नहीं बोले। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा के लिए नियम, संविधान, कानून कोई मायने नहीं रखता। उनका एकमात्र एजेंडा है पैसे से सत्ता हासिल करना और सत्ता से पैसा कमाना। जनता हमें जिता देती है लेकिन राजभवन हमें हरा देता है। गोवा, मेघालय, मणिपुर में यही हुआ, अब कर्नाटक में हो रहा है। दिग्विजय सिंह पूर्व सांसद बाल कवि बैरागी के नीमच स्थित निवास पर शोक व्यक्त करके उदयपुर लौटे और यहां से दिल्ली रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर पीसीसी सदस्य गोवर्धन सिंह, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मोहसिन खान ने स्वागत किया।
उपचुनावों से जनता ने बता दिया राजे का जाना तय है
राजस्थान की राजनीति पर सिंह ने कहा कि यहां उपचुनावों में जिस तरह भाजपा बुरी तरह पिटी है, ये बदलाव के संकेत हैं। जनता ने बता दिया है कि राजस्थान से भाजपा का जाना तय ही है। सीएम के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि राजस्थान में सीएम के लिए कई चेहरे हैं हमारे पास।
शिवराज जिस तरह बाबाओं को मंत्री बना रहे, घबराहट है
शिवराज चौहान की सरकार में बाबाओं को राज्य मंत्री का दर्जा दिए जाने के सवाल पर बोले कि ये हास्यास्पद है। जो भ्रष्टाचार को लेकर यात्रा निकालने वाले थे उन्हें पद मिल गया। ये सीएम शिवराज चौहान के घबराहट की निशानी है।