उदयपुर. सुभाषनगर क्षेत्र में आयड़ नदी में वाटर पूल बनाने का काम प्रगति पर हैं।
उदयपुर | मानसून के दस्तक देने से पहले आयड़ नदी में 6 वाटर पूल बनाने का काम पूरा करने को लेकर जलसंसाधन विभाग में हलचल तेज हो गई है। आयड़ नदी विकास योजना के तहत 364 लाख से नदी में 6 वाटर पूल बनाए जा रहे हैं। 64.44 लाख से पुला श्मशान के पास बनने वाले वाटर पूल का 70 प्रतिशत, 69.69 लाख से सुभाष नगर मंदिर के पास बनने वाले पूल का 40 प्रतिशत, 74.04 से पासपोर्ट ऑफिस के पास बन रहे पूल का 90 प्रतिशत और 37.76 लाख से सुभाष नगर स्कूल के पास बन रहा पूल आधा बन चुका है। अशोक नगर श्मशान घाट के पास भी काम चालू है। जलसंसाधन विभाग ने मानसून को देखते हुए अगले माह तक वाटर पूल का काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
पुला में पुलिया के नीचे लगेंगे आठ गेट : पुला गांव के पास नदी पर बनी पुरानी पुलिया को ही वाटर पूल का रूप दिया जाएगा। जलसंसाधन विभाग के एक्सईएन हेमंत पनडिया ने बताया कि यहां पुलिया के नीचे आठ गेट लगाकर बारिश के बाद पानी रोका जाएगा। नदी में बन रहे सभी वाटर पूल में गेट बनाए जा रहे हैं।
झीलों-तालाबों के गेट पर ऑयल-ग्रीस का काम भी शुरू
जल संसाधन विभाग ने मानसून से पहले झीलों-तालाबों के गेट के रखरखाव का काम शुरू कर दिया है। विभाग के एक्सईएन हेमन्त पनडिया ने बताया कि रविवार को स्वरूप सागर के गेट पर ऑयल-ग्रीस करने का काम शुरू किया। एक जून तक सभी झीलों-तालाबों के गेट के रखरखाव का काम पूरा करने का लक्ष्य है। बड़े बांधों पर ये काम पहले करवाया जाएगा।