पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • ब्लड संकट : हजार यूनिट क्षमता के बैंक में सिर्फ 77 यूनिट खून, रोज की खपत 60 यूनिट, निगेटिव ग्रुप का ब्लड खत्म

ब्लड संकट : हजार यूनिट क्षमता के बैंक में सिर्फ 77 यूनिट खून, रोज की खपत 60 यूनिट, निगेटिव ग्रुप का ब्लड खत्म

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संभाग के सबसे बड़े एमबी अस्पताल के ब्लड बैंक में ब्लड संकट खड़ा हो गया है। 1000 यूनिट ब्लड क्षमता वाले इस बैंक में फिलहाल 77 यूनिट खून ही बचा है जबकि एमबी-बाल चिकित्सालय और जनाना अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 60 यूनिट रक्त की खपत होती है। A-, B-, O- और AB- ग्रुप का तो एक भी यूनिट रक्त बैंक में नहीं है। 77 यूनिट में भी निगेटिव ग्रुप का 11 यूनिट रक्त वह है जो रोगियों के लिए उनके रिश्तेदारों/परिचितों ने दान दिया है। बाकी 66 यूनिट रक्त A+, B+, O+ और AB+ ग्रुप का है। इसमें भी 30 यूनिट तैयार और सिर्फ 36 यूनिट ब्लड अनटेस्टेड (रिजर्व) है। ऐसे में सड़क हादसों में गंभीर घायल, जटिल ऑपरेशन और रक्त की कमी वाले रोगियों के लिए खतरा पैदा हो गया है। डॉक्टरों के अनुसार हालात इतने खराब हो गए हैं कि हर दिन बाहर से खून मंगाकर जरूरत पूरी की जा रही है। रविवार को भी भीलवाड़ा से 35 और माउंटआबू से 15 यूनिट रक्त मंगाया गया है। इधर, अस्पताल प्रशासन ने अलर्ट जारी कर डॉक्टरों से कहा है कि रक्त की जरूरत वाले केसेज में मरीज के परिजनों को पहले ही बता दें कि वे रक्त की व्यवस्था कर लें।

दूसरे जिलों के सहारे संभाग के सबसे बड़े एमबी अस्पताल का ब्लड बैंक, भीलवाड़ा, माउंट आबू से मंगा रहे खून

इन जांचों में रक्त का स्टॉक होना जरूरी, कभी भी पड़ सकती जरूरत

ट्रांस फ्यूजन मेडिसिन प्रमुख डॉ. संजय प्रकाश ने बताया कि सेरोलॉजी जांच में चार घंटे लगते हैं। इसमें एचआईवी, हैपेटाइटिस-A, B, मलेरिया जैसी बीमारियां शामिल हैं। इन रोगियों का चार घंटे से पहले रक्त मिलना संभव नहीं है। अस्पताल प्रशासन को बता दिया है कि जिन मरीजों को ब्लड की जरूरत पड़ सकती है उनके परिजनों को पहले बैंक भेज दें ताकि वे अपने रोगी के लिए रक्तदान या किसी तरह व्यवस्था कर सके। क्योंकि दान किया हुआ ब्लड रोगी को चढ़ाने योग्य बनाने में भी एक घंटे का समय तो लग ही जाता है।

संकट इसलिए : छुटि्टयों में 75% घट गया शिविरों से आने वाला खून

उन्होंने बताया कि ब्लड बैंक में पिछले एक महीने से प्रतिदिन बमुश्किल 10 यूनिट्स भी ब्लड या उसके कंपोनेंट्स रक्तदान शिविरों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं से नहीं आ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण स्कूलों-कॉलेजों-संस्थानों में छुट्टी होना है। छुट्‌टी के यहां रक्तदान शिविर नहीं लग रहे हैं। छुटि्टयों से पहले ब्लड बैंक में हर रोज औसतन 40-50 यूनिट्स ब्लड या उसके कंपोनेंट्स एकत्रित होते हैं।

भास्कर नॉलेज : शरीर में 5 लीटर ब्लड यानी 12-16 ग्राम हीमोग्लोबिन होता, 3 से कम होने पर हो जाती मौत

एमबी अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. रमेश जोशी ने बताया कि शरीर में औसतन 5 लीटर ब्लड रहता ही है। 5 लीटर खून को लगभग 12 से 16 ग्राम हीमोग्लोबिन में मापा जाता है। यह स्तर 2 से 2.5 ग्राम तक गिर जाने पर रोगी की मौत हो जाती है, ऐसे मामले अक्सर किसी हादसे में सामने आते हैं।

रोज 55 से 60 यूनिट्स रक्त की खपत तो है ही

डॉ. प्रकाश ने बताया यहां रोज 15 यूनिट रक्त बाल चिकित्सालय में रजिस्टर्ड थेलेसीमिया के लगभग 240 रोगियों को, 10-15 यूनिट रक्त न्यूरो सर्जरी के मरीजों को, 10-15 इमरजेंसी में भर्ती होने वाले घायलों को, 8-10 यूनिट गायनिक रोगियों व 5 यूनिट अन्य रोगियों के लिए जाता है।

ब्लड शरीर में ऑक्सीजन-कार्बन डाई ऑक्साइड का परिवहन करने के साथ भोजन से प्राप्त पोषक तत्व को विभिन्न अंगों तक पहुंचाता है। ग्रंथियों से निकलने वाले हार्मोन्स को भी शरीर में ब्लड ही ले जाता है। शरीर में बनने वाले यूरिया, क्रिएटिनिन व यूरिक एसिड जैसे अपशिष्टों को किडनी तक ले जाकर बाहर करने की प्रक्रिया भी ब्लड पूरी करता है। बीमार को दी जाने वाली सभी दवाओं का पूरे शरीर में परिवहन रक्त करता है।

ब्लड का क्या काम

कर सकते हैं रक्तदान, कमजोरी या नुकसान नहीं

आयु 18 से 60 वर्ष के बीच हो।

वजन 45 किग्रा से अधिक हो।

रक्तदान करने वाला कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित न हो।

एक माह में टेटू या शरीर का अंग छेदन नहीं कराया हो।

रक्तदान करने वाला पिछले तीन माह में कहीं रक्तदान नहीं किया हो।

हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम से ज्यादा हो, वरना समस्या हो सकती है।

दो घंटे पहले कुछ खाया जरूर हो।

एड्स, क्षय, रति, पीलिया, मलेरिया, मधुमेह आदि बीमारी से ग्रस्त न हो।

किस ग्रुप का कितना ब्लड बचा है बैंक में

ब्लड ग्रुप टेस्टेड अनटेस्टेड

A+ 04 09

B+ 06 15

O+ 15 10

AB+ 05 02

कुल 30 36

ब्लड ग्रुप टेस्टेड अनटेस्टेड

A- 03 00

B- 02 00

O- 03 00

AB- 03 00

कुल 11 00

खान-पान से बढ़ा सकते हैं खून

डॉक्टरों के अनुसार शरीर में खून बढ़ाने के लिए आयरन+फोलिक एसिड, प्रोटीन, विटामिन युक्त खाद्य पदार्थ नियमित रूप से खाएं। इनमें खासकर पालक, शलजम, शेव, सभी हरी पत्तियों वाली सब्जियां, आंवला, अंकुरित अनाज, अंडे, मछली आदि इसके अच्छे स्त्रोत हैं।

ब्लड ग्रुप टेस्टेड अनटेस्टेड

A+ 04 09

B+ 06 15

O+ 15 10

AB+ 05 02

कुल 30 36

ब्लड ग्रुप टेस्टेड अनटेस्टेड

A- 03 00

B- 02 00

O- 03 00

AB- 03 00

कुल 11 00

भास्कर अपील

रक्तदान कर दे सकते हैं किसी को जिंदगी

रक्तदान से हर साल लाखों की जिंदगी बचती है। रक्तदान ही खून का स्टॉक बढ़ाने का एकमात्र साधन है। युवा, समाजसेवी संस्थाएं, संगठन सरकारी अस्पतालों में रक्दान कर ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर कर सकते हैं। आपके रक्तदान से किसी की जान बच सकती है। डॉक्टरों के अनुसार एख स्वस्थ व्यक्ति तीन माह में एक बार रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी या तकलीफ नहीं होती है।

खबरें और भी हैं...