उदयपुर | आईआईटी एडवांस एग्जाम-2018 की परीक्षा रविवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर हुईं। एसएस इंजीनियरिंग कॉलेज उमरड़ा केंद्र पर दो बजे 41.4 डिग्री तपिश में बिजली बंद हो जाने से परीक्षार्थी और परिजन भड़क गए। कई लोगों ने आरोप लगाया कि परीक्षा भी तय समय दो बजे से आधा घंटा देरी से 2.30 बजे शुरू हुई। अव्यवस्थाओं से परेशान परिजनों ने केंद्र पर आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर के. चंद्रशेखर का घेराव कर लिया। इस पर प्रो. चंद्रशेखर ने कहा कि हम बच्चों को परेशानी नहीं आने देंगे। इसके बाद छात्रों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। हालांकि कॉलेज प्रशासक मलिन मेहता ने बताया कि बिजली निगम ने दो बजे से पहले 10 मिनट के लिए शटडाउन किया था।
सेंटर पर पुलिस प्रशासन भी नहीं, शिकायत भेजी : महेश गर्ग, जीतेंद्र शर्मा, प्रवीण जैन आदि ने बताया कि उन्होंने आईआईटी कानपुर को ईमेल भेज कर कहा है कि एसएस इंजीनियरिंग कॉलेज उमरड़ा उदयपुर परीक्षा केंद्र पर भारी अनियमितताएं हुईं। राष्ट्रीय लेवल की इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता परीक्षा में ऐसा होना अन्याय है। सेंटर पर एग्जाम होने की सूचना स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन तक को भी नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।