उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना का विरोध कर रहे जोधपुर के वकीलों की उदयपुर बार एसोसिएशन ने निंदा की है। जोधपुर की हड़ताल के विरोध में कल उदयपुर में वकीलों का दल कोर्ट के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन करेगा और आंदोलन की अग्रिम रणनीति तैयार करेगा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामकृपा ने बताया कि मेवाड़-वागड़ के अधिवक्ता, नागरिक, जन संगठन, राजनीतिक दल, धार्मिक, सामाजिक संगठन सभी लोग 36 वर्षों से उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच लाने का प्रयास कर रहे हैं और आंदोलन चला रहे हैं। इस मांग पर जब भी कोई सकारात्मक उम्मीद दिखती है, जोधपुर हाईकोर्ट के वकील हमारे विरोध में हड़ताल करना शुरू कर देते हैं। इस बार सरकार उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर गंभीर हुई है, तो जोधपुर के कुछ वकीलों ने फिर हड़ताल की घोषणा कर दी। जोधपुर हाईकोर्ट के वकील सोमवार को हड़ताल पर रहेंगे, न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में मेवाड़-वागड़ के सभी सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे सोमवार को कोर्ट चौराहे पहुंचकर जोधपुर की हड़ताल का विरोध करने में समर्थन दें।
हमने 2009 में सिर्फ आंकड़े मांगे थे, जोधपुर के वकीलों ने हड़ताल कर दी थी : हाईकोर्ट बैंच संघर्ष समिति संयोजक रमेश नंदवाना ने बताया कि 2009 में जब जोधपुर से सिर्फ यह सूचना मांगी थी कि उदयपुर से कितनी याचिकाएं जोधपुर हाईकोर्ट में लगती हैं, तो यह सूचना हमें उपलब्ध नहीं करवाई और वकीलों ने हड़ताल कर दी। उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच आती है तो मेवाड़ के लोगों को जोधपुर नहीं जाना पड़ेगा। इससे जोधपुर के वकीलों को आर्थिक नुकसान होगा, इसी कारण वे उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच स्थापित करने का विरोध करते रहते हैं।