उदयपुर | उदयपुर रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए जनरल बॉडी मीटिंग रविवार को शाम 4.30 बजे आरएनटी के सीनियर बॉयज हॉस्टल में हुई। इसमें यूनियन दो फाड़ हो गई, क्योंकि एक गुट ने सेकंड ईयर रेजीडेंट को थर्ड ईयर रेजीडेंट के सामने मैदान में उतरने ही नहीं दिया।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. दीपाराम पटेल ने बताया कि जीबीएम में सर्वसम्मति से थर्ड ईयर रेजीडेंट डॉ. बाबूलाल जाट को 8 महीनों के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके विराेध में सेकंड ईयर रेजीडेंट डॉ. सीपी मुदगल ने कहा कि कुछ लोगों ने एसोसिएशन को हथियाने के लिए उनकी अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी को सेकंड ईयर का रेजीडेंट बताकर जबरन खारिज कर दिया। ऐसा तो कोई नियम ही नहीं है कि सेकंड ईयर रेजीडेंट चुनाव नहीं लड़ सकते हों। गत वर्ष डॉ. राजवीर सिंह और दीपाराम पटेल को अध्यक्ष बनाया गया, जब वे सेकंड ईयर के ही रेजीडेंट थे। अब प्रिंसिपल डॉ. डीपी सिंह को ज्ञापन देकर लिंगदोह के नियमों से ही चुनाव कराने की मांग करेंगे ताकि चयन लोकतांत्रिक तरीके से हो सके। बता दें, प्रिंसिपल डॉ. डीपी सिंह पहले ही बोल चुके हैं कि अगर विवाद हुआ तो चुनाव लिंगदोह के नियमों से ही होंगे।