उदयपुर | उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन की बैठक रविवार को रघु महल सभागार में हुई। इसमें अध्यक्ष पंडित लक्ष्मीनारायण गौड़ ने बताया कि गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के निर्देश पर नगर निगम ट्रांसपोर्ट नगर में सुलभ कॉम्पलेक्स बनाएगा, इसमें जनसहभागिता भी ली जाएगी। इस बहुउद्देशीय भवन से व्यापारियों, श्रमिकों, ट्रक चालकों को सुविधा मिलेगी।
सांसद और स्थानीय विधायक के सहयोग से पाइप लाइन के जरिए पेयजल की व्यवस्था भी होगी। ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने माल लोडिंग-अनलोडिंग में श्रमिकों का भुगतान ट्रक मालिक से लेने की व्यवस्था को खत्म करने पर चर्चा की। पूर्व अध्यक्ष चंचल अग्रवाल ने बताया कि राजसमंद में मार्बल व्यापारियों ने नई व्यवस्था की है जिसके अनुसार ट्रक में माल लोडिंग-अनलोडिंग का खर्च खरीददार से ही लिया जाएगा। आरएसएमएम भी माल खरीददार के बिल में लोडिंग-अनलोडिंग का खर्चा जोड़ती है। पूर्व अध्यक्ष नवनीत सिंह अरोड़ा ने इस संबंध में चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से वार्ता कर लोडिंग-अनलोडिंग की मजदूरी का भुगतान ट्रक मालिक से लेने की व्यवस्था को समाप्त करने पर जोर दिया। इस प्रस्ताव पर सभी ने सहमति जताई। बैठक में ट्रांसपोर्टनगर के बकाया पट्टों को लेने,अनधिकृत वाहनों को पार्किंग से हटाने, सड़कों के निर्माण, पार्किंग की जगह को अलग से विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में व्यापारी शंभू जैन, व्यापारी तेजेंद्र सिंह रोबिन सहित अन्य भी मौजूद रहे।