एलपीजी सिलेंडर में आग लगाकर भागे बदमाश, दमकल ने पाया काबू
उदयपुर | चेतक सर्किल स्थित पलटन मस्जिद के बाहर बुधवार तड़के किसी ने एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगाकर फेंक दिया। फायर ब्रिगेड ने समय रहते काबू पा लिया। इधर, पलटन मस्जिद के सचिव रियाज हुसैन ने कहा कि मामले में पुलिस ने देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की। बताया गया कि तड़के करीब तीन बजे गैस सिलेंडर मस्जिद के सामने चौक पर रखकर आग लगा दी गई। मस्जिद के सामने मकानों में रहने वालों को सबसे पहले इसका पता चला। उनके चिल्लाने पर सिलेंडर फेंकने वाले अज्ञात भाग निकले। इसके बाद लोगों ने हाथीपोल थाने और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस आ गई। चेतक सर्कल फायर स्टेशन से फायर टैंकर पहुंचा और आग पर काबू पाया। इधर, थाना पुलिस ने मामले के बारे में कुछ बाेलने से इनकार कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख अज्ञात बदमाशों की तलाश कर रही है।