स्कूल के पास बाड़े में आग, तीन दमकल ने किया काबू
उदयपुर | प्रतापनगर थाना क्षेत्र के लकड़वास स्थित सरकारी स्कूल के पास बाड़े में बुधवार दोपहर आग लग गई। तीन दमकल ने इस पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि स्कूल के पीछे देवरा है, जिसके पास करीब चार बीघा खाली जमीन है। वहां झाड़ियों में अचानक आग लग गई। लोगों ने थाने और फायर ब्रिगेड को फोन किया। अशोक नगर और मादड़ी से दो फायर ब्रिगेड के अलावा पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग बढ़ते हुए पहाड़ों और मकानों के पास तक पहुंच गई। यह देख हिंदुस्तान जिंक से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई। तीनों दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।