पति घर खर्च नहीं देता था, बच्चों के साथ सूरत गई महिला को लाई पुलिस
उदयपुर | हिरण मगरी थाना क्षेत्र से दो माह पहले तीन बच्चों के साथ लापता हुई महिला को पुलिस शुक्रवार काे सूरत से पकड़ कर लाई। जब पुलिस ने महिला से घर छोड़ने का कारण पूछा तो उसने बताया कि पति घर खर्च नहीं देता था इसलिए बच्चों को पालने के लिए घर छोड़कर मजदूरी करने चली गई थी। यही नहीं जब पुलिस ने उसको ससुराल में छोड़ा तो ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में भी नहीं आने दिया। बाद में पुलिस पहुंची और मामले को संभाला। जांच अधिकारी हमेर लाल ने बताया कि निर्मला प|ी पुरुषोत्तम भोई अपने तीन बच्चे गौरव 17, उषा 7 और भावेश 4 को लेकर घर से लापता हो गई थी। इसके बाद निर्मला के भाई नीलकंठ ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच पड़ताल शुरू की तो निर्मला की लोकेशन सूरत आई। हमेर लाल सहित टीम सूरत पहुंची तो वहां देखा कि निर्मला मजदूरी कर रही है और किराए के मकान में बच्चों के साथ रह रही है। बच्चों के साथ निर्मला को उदयपुर लेकर आए। यहां आने के बाद निर्मला ने थाने में परिवाद दिया कि बच्चों के साथ घर पर पहुंची तो जेठानी मुन्नी बाई ने घर में आने नहीं दिया और मारपीट की। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हमेर लाल ने बताया कि घर की चाबी जेठानी के पास नहीं होने पर उसने ना कहा था। निर्मला को उसके घर पहुंचा दिया है।