उदयपुर | सलूंबर थाना क्षेत्र में गींगला के पास शुक्रवार शाम एक में कार सवार युवकों ने लोडिंग टैंपो के ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद भागे कार सवार युवक गींगला के बाजार में भीड़ के बीच फंस गए। पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने युवकों को पकड़कर धुनाई कर दी। दो युवकों को पुलिस को सुपुर्द किया गया। दूसरी ओर, सलूंबर सीआई शैलेन्द्रसिंह ने घटना से ही इंकार करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम गुजरात पासिंग नंबर कार में सवार चार युवक गामड़ा पाल से गींगला की ओर जा रहे थे। रास्ते में लोडिंग टैंपो ड्राइवर ने आेवरटेक किया तो इन युवकों का उससे विवाद हो गया। युवकों ने कार आड़े लगाकर झगड़ा शुरू कर दिया। इस बीच एक युवक ने हवाई फायर कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग दौड़ पड़े। यह देख युवक गींगला की ओर भागे। लोगों ने इस बात की सूचना गींगला में लोगों को दे दी। गींगला पुलिस चौकी को भी जानकारी मिली तो पुलिसकर्मी बस स्टैंड के पास पहुंचा। कार गींगला में आई तो बाजार में भीड़ के बीच फंस गई। कार से निकलकर दो युवक भाग गए, लेकिन एक हत्थे चढ़ गया। लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में उसकी अच्छी धुनाई कर दी। कुछ देर में भागने का प्रयास कर रहे एक और युवक को पकड़ लिया गया।