ट्रेलर पलटा, ड्राइवर की मौत, सीमेंट के गुबार से दूसरा ट्रोला भी खाई में गिरा, ड्राइवर दबा
कोटड़ा | बेकरिया थाना क्षेत्र में गुजरा फोरलेन पर आक्यावाड़ में शुक्रवार सुबह दो घंटे के अंतराल में दो हादसे हुए, जिसमें दो ड्राइवरों की मौत हो गई। पहले हादसे में सीमेंट से भरा ट्रेलर पलटने से ड्राइवर की मौत के हाइवे कर्मचारी नहीं पहुंचे, जिससे राहत काम नहीं हो सका। ठीक दो घंटे बाद सीमेंट के उड़ते गुबार के कारण रास्ता नजर नहीं आने से एक और ट्रोला खाई में जा गिरा। ट्रोले में भरे पत्थर के ब्लॉक नीचे दबने से ड्राइवर की मौत हो गई, जिसका शव 10 घंटे बाद निकाला जा सका। सुबह करीब आठ बजे उदयपुर से पिंडवाड़ा की ओर जा रहा सीमेंट से भरा ट्रेलर आक्यावड़ पुलिया पर पलट गया। इसमें चालक प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट निवासी मंगलसिंह मीणा गंभीर जख्मी हो गया। सूचना पर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया। चालक मीणा की उपचार के दौरान शाम को उदयपुर एमबी अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में ट्रक में भरे सीमेंट के कट्टे बिखरकर सड़क पर फैल गए। इससे एक तरफ का यातायात भी प्रभावित हो गया। पहला हादसा होने के बाद मार्ग पर पूरी तरह सीमेंट बिखर गई थी। ऐसे में उस पर भी वाहन दौड़ने से वहां सीमेंट के गुबार बनकर सड़क पर उठ रहे थे। थानाधिकारी कर्मवीरसिंह और ग्रामीणों की ओर से सूचना के बावजूद भी हाइवे मैनेजमेंट ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। न ही कोई मौके पर पहुंचा। दो घंटे बाद हादसे का शिकार हुआ ट्रोला ढलान होने के कारण कुछ स्पीड में था। सामने अचानक उसे सीमेंट के उड़ते गुबार में कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे ट्रोला असंतुलित होकर गिर गया।