बेरोजगारी के चलते नारनौल का एक युवक काम की तलाश में अपने दोस्त के पास नीमराना पहुंच गया। वहां काम मांगा तो दोस्त ने दो हजार रुपए लेकर सात हजार रुपए के नकली नोट थमा दिए। ये सभी नोट 100-100 रुपए के थे। इनमें से एक हजार रुपए युवक ने खफा दिए, लेकिन उदयपुरवाटी में छह हजार रुपए के साथ पकड़ा गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
सीआई रामेश्वर लाल बगड़िया के मुताबिक शुक्रवार की रात किसी ने टेलीफोन पर सूचना दी कि किरोड़ी रोड पर डाबला जोहड़ के निकट एक युवक खड़ा है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही है। ऐसे में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ करने पर उसने अपने को रामबास थाना नारनौल हरियाणा निवासी प्रदीप कुमार यादव बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास 100-100 के 60 नोट एकदम नए मिले। पुलिस ने जांच की तो नोटों पर एक जैसे नंबर मिले। गहनता से जांच करने पर 19 नोट एक जैसे नंबर के थे और 41 नोटों पर एक जैसे दूसरे नंबर थे। पुलिस युवक को थाने ले आई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह बेरोजगार युवक है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। दो-तीन दिन पहले वह अपने दोस्त के पास नीमराना गया था। जॉब मांगने पर उसने दो हजार रुपए लेकर सात हजार रुपए के जाली नोट दे दिए। इनमें से एक हजार रुपए के जाली नोट मार्केट में चला भी दिए।