15 साल पुरानी पेयजल समस्या का समाधान करने पर अधिकारियों का अभिनंदन किया
उदयपुरवाटी | वार्ड 13 स्थित पीएनबी के पीछे वाली कॉलोनी में 15 साल से चल रही पेयजल परेशानी का समाधान करने पर कॉलोनी के लोगों ने पीएचईडी अधिकारियों को माला पहना कर अभिनंदन किया व मिठाई बांट कर खुशी जताई। उक्त कॉलोनी का रास्ता इतना संकरा था कि टैंकर से भी सप्लाई किया जाना संभव नहीं था। करीब एक सप्ताह पहले लोगों ने एईएन अशोक गुप्ता से मिल कर पेयजल समस्या का समाधान करवाने का आग्रह किया। इस आशय का समाचार दैनिक भास्कर में प्रमुखता से प्रकाशित होने पर एईएन गुप्ता ने जेईएन अनिरुद्ध स्वामी व कर्मचारी कजोड़ सैनी को सर्वे करने के लिए भेजा। उनकी रिपोर्ट के अनुसार महज एक टी लगा कर दूसरी लाइन से उनकी लाइन जोड़ने पर पूरी कॉलोनी की पेयजल समस्या का समाधान हो गया। लोगों की समस्या का समाधान होने पर उन्होंने पीएचईडी दफ्तर पहुंच कर एईएन अशोक गुप्ता जेईएन अनिरुद्ध स्वामी व कजोड़ सैनी का अभिनंदन किया। इस मौके पर पूनमचंद सोनी, ललित सोनी, सांवरमल शर्मा, फतेह मोहम्मद लीलगर, इमरान कच्छावा आदि मौजूद थे।