मरे हुए दो लोगों के हस्ताक्षर कर नोटिस तामील करवा लिए तामील कुनिंदा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
भोड़की में रास्ता निकालने का मामला
भास्कर न्यूज | उदयपुरवाटी
भोड़की में कृषि भूमि से रास्ता निकालने के एक मामले में फर्जी हस्ताक्षर कर नोटिस तामील कराने पर तामील कुनिंदा के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने दो मरे हुए सह खातेदारों के भी हस्ताक्षर करके नोटिस तामील करवा दिया।
जानकारी के मुताबिक भोड़की के जयराम जाट ने रिपोर्ट दी है कि उसकी जमीन से रास्ता निकालने के मामले में एसडीएम उदयपुरवाटी ने परिवादी व सह खातेदारों को बिना सुने ही आदेश जारी कर दिए थे। एसडीओ के आदेश के खिलाफ हाइकोर्ट में रिट दायर करने पर कोर्ट ने आदेश जारी किया कि परिवादी व सह खातेदारों को सुनने के बाद ही आदेश जारी करें। हाइकोर्ट के आदेश पर उदयपुरवाटी एसडीओ ने 20 फरवरी 2018 को प्रकरण दुबारा दर्ज कर लिया व नोटिस जारी कर दिए। आरोपी तामील कुनिंदा विजयसिंह ने परिवादी तथा सह खातेदार शारदा देवी, घासीराम, राजेंद्र, रतनलाल, जगदेवाराम, घासीदेवी, नौरंगराम, विद्याधर, जयराम आदि के फर्जी हस्ताक्षर कर नोटिस तामील करवा दिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने भोड़की निवासी उदयसिंह राजपूत व सुल्तानराम जाट, जिनकी कई साल पहले ही मौत हो चुकी है, के भी फर्जी हस्ताक्षर कर नोटिस तामील करवा दिया।