अमावस्या पर महिलाओं ने बड़ को बांधी मौळी, पत्तों के आभूषण बनाकर पहने
झुंझुनूं. बड़ अमावस्या पर पुरोहितों की बगीची में बड़ का पूजन करती महिलाएं।
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
शहर में मंगलवार को महिलाओं ने बड़ अमावस्या का लोक पर्व मनाया। पति की दीर्घायु की कामना करते हुए बड़ की पूजा की तथा कहानी सुन कर भोजन किया। सुबह करीब छह बजे से ही महिलाएं पुरोहितों की बगीची स्थित प्राचीन बड़ तक पहुंची। महिलाओं ने बड़ का विधिवत पूजन किया। बड़ के चारों ओर मौळी बांधी। महिलाओं ने इस मौके पर बड़े के पत्तों से नाक, कान के आभूषण बना कर पहने। ऐसा करना शुभ माना जाता है। दोपहर बाद कहानी सुनी।
बिसाऊ | महिलाओं ने बड़ अमावस्या पर्व मनाते हुए बड़ की पूजा की। शीतला रोड काली जी के मंदिर के पास, स्टेशन रोड़, राजवाली छतरी के पास स्थित बड़ के मंगल धागा बांध कर महिलाओं ने पूजा कर कहानी सुनी व दान पूर्ण किया।
सूर्यकुंड में महिलाओं की सोने की चेन चोरी
चिराना/उदयपुरवाटी | तीर्थ लोहार्गल में अमावस्या के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य कमाया। इस मौके पर भीड़ होने से कुछ महिलाओं की सोने की चेन व अन्य जेवरात पार हो गए। खूड़ बानूड़ा की सुशीला खेतान व पुष्पा देवी सोनी ने उदयपुरवाटी थाने में सोने की चेन गायब होने की रिपोर्ट दी है। नवलगढ़ की दो महिलाओं ने भी चेन गायब होने की शिकायत की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।