झुंझुनूं. जिला मुख्यालय पर गुरुवार को मौसम ने कई बार रंग बदला। सुबह बादलवाही रही, दोपहर में तेज गर्मी ने परेशान किया और कुछ देर बाद ही धूल भरी आंधी चली। इसके कारण दोपहर में एकबारगी तो शाम जैसा आभास होने लगा लेकिन बाद में कहीं बूंदाबांदी तो कही हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश ने वातावरण में ठंडक हो गई। दरअसल, दोपहर में धूल का गुबार आसमान में छा गया, इससे दोपहर में ही शाम का अहसास होने लगा। सुबह दस बजे तक बादलवाही रही। सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक तेज धूप ने लोगों को हलकान कर दिया। दोपहर दो बजे बाद मौसम ने पलटा खाया। आसमान में धूल का गुबार छा गया। धूल भरी हवा चलने लगी।
ऐसी आंधी आई जिसने शहर को ढक सा लिया
अंधड़ से तार टूटा, दो घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही | मंडावा. क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ हल्की बरसात होने से दिन का तापमान में गिरावट आई। करीब दो बजे आई हल्की बरसात से तापमान में गिरावट रही। मुकुंदगढ़ रोड स्थित पावर हाऊस के पास तेज अंधड़ के कारण 33 केवी का तार टूट गया जिसके कारण करीब दो घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। एईएन मुमताज अली ने बताया कि शहर में तेज अंधड़ के कारण पावर हाऊस के पास 33 केवी का तार टूट गया जिससे बिजली काटनी पड़ी। गुढ़ागौड़जी व आस-पास के क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। खिरोड़ क्षेत्र में भी बूंदाबांदी हुई।
बिसाऊ, मंड्रेला और उदयपुरवाटी में भी हल्की बरसात
बिसाऊ. कस्बे में गुरुवार दोपहर बूंदाबांदी से लोगो को गर्मी से राहत मिली। तेज धूप के बाद दोपहर को अचानक मौसम के बदले मिजाज के कारण बूंदाबांदी हुई। मंड्रेला. कस्बे में दोपहर तीन बजे काली घटाओं के साथ हल्की बारिश हुई। उदयपुरवाटी. कस्बे में दोपहर बाद बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। इससे दोपहर तक तेज धूप और उमस से राहत मिली।
फोटो : उत्तम जोशी