सड़क बनाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने आए लोग।
झुंझुनूं | बिसाऊ संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने कस्बे में श्याम बाबा मंदिर से गोगा मेड़ी तक स्वीकृत ग्रेवल सड़क को बनवाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। समिति के संगठन मंत्री बसंत चेजारा ने बताया कि ग्रेवल सड़क अगस्त 2017 में मंडावा विधायक नरेंद्र कुमार के विधायक कोटे से स्वीकृत हुई थी लेकिन प्रशासन की लापरवाही की वजह से नौ महीने बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। कलेक्टर ने काम शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। संगठन मंत्री ने बताया कि कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बाबू शर्मा, बुद्धिप्रकाश शर्मा, गणेश शर्मा, कमल जांगिड़, बालकृष्ण शर्मा, नथू शर्मा, सौरभ जांगिड़, सुरेंद्र शर्मा, रणजीत आदि मौजूद थे।
केड से बांडिया नला तक सड़क बनाने की मांग
केड (बडागांव) | केड ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्र में न्याय आपके द्वार शिविर लगाया गया। उदयपुरवाटी एसडीएम शिवपाल जाट ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। खटकड़ के शेरसिंह ने केड से कीरपुरा होते हुए बांडिया नला तक सड़क बनाने, पन्नालाल ने केड से 800 मीटर दूर दरगाह पीर बाबा की भूमि में सरकारी अवैध नलकूप मामले की जांच कराने और नंगली निर्वाण के शमशेर सिंह ने मकानों के ऊपर से 11 हजार लाइन हटवाने की मांग की। शिविर में उदयपुरवाटी प्रधान सविता खरबास, तहसीलदार औंकारमल मूंड, गिरदावर फूलचंद महला, पटवारी रामचंद्र, ग्राम विकास अधिकारी मनोहरलाल गुर्जर, सरपंच गीता देवी आदि मौजूद थे ।