एंबुलेंस में अाए बदमाशों ने लोक परिवहन सेवा की बस को रुकवा कर शीशे तोड़े
झुंझुनूं स्टेट हाइवे पर बुधवार को धोलाखेड़ा स्टैंड के पास जयपुर-सुलताना चलने वाली लोक परिवहन सेवा की बस के शीशे तोड़ दिए। बदमाश एंबुलेंस में आए और गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर वापस भाग गए। जानकारी के अनुसार लोक परिवहन सेवा की बस जयपुर से सुलताना की तरफ जा रही थी। धोलाखेड़ा स्टैंड के पास दोपहर 3.35 बजे पहले से खड़ी दो एंबुलेंस बस के आगे आकर रुक गई। इससे चालक को बस रोकनी पड़ी। जैसे ही बस रुकी, चालकों ने एंबुलेंस बस के आगे लाकर रोक दी। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के मुताबिक एंबुलेंस से चार युवक आए तथा बस के शीशे तोड़ने लगे। कुछ मिनटों में ही गाड़ी के शीशों को चकनाचूर कर दिया। किसी सवारी या चालक-परिचालकों को कुछ नहीं कहा। सूचना पर उदयपुरवाटी एसआई राजेंद्र सिंह भाकर, एचसी शीशराम खटाना व गुढ़ा एसएचओ अशोक चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले बदमाश भाग चुके थे। शाम तक किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ था।