- Hindi News
- National
- परशुराम दर्शन यात्रा में 2100 ध्वज के साथ 10 हजार ब्राह्मण, शाम को चल समारोह
परशुराम दर्शन यात्रा में 2100 ध्वज के साथ 10 हजार ब्राह्मण, शाम को चल समारोह
श्री परशुराम जयंती बुधवार को परशुराम युवा ब्राह्मण संग़ठन गुदरी चौराहा द्वारा सुबह 9 बजे महाकाल मंदिर चौराहा से परशुराम दर्शन यात्रा वाहन रैली निकाली जाएगी। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, अध्यक्ष गिरीश पाठक ने बताया पहली बार यात्रा में महिलाएं सबसे आगे वाहनों पर निकलेंगी। वरिष्ठ व समाज के प्रमुखजन परशुरामजी की महाआरती कर शुभारंभ करेंगे। 2100 केसरिया पताकाओं को लेकर ब्राह्मणजन शामिल होंगे। परशुरामजी रथ में विराजमान रहेंगे। यात्रा का चाणक्यपुरी परशुराम मंदिर पर महाआरती के साथ समापन होगा। रैली को सफल बनाने की अपील श्रवण शर्मा, यशवंत व्यास, विजय व्यास, पार्षद माया त्रिवेदी ने किया है। शाम 6 बजे अभा ब्राह्मण समाज का परशुराम जयंती चल समारोह महाकाल मैदान से प्रारंभ होगा। अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी, महामंत्री रामेश्वर दुबे ने बताया रथ पर विराजित श्री परशुराम जी के पूजन के साथ चल समारोह शुरू होकर गुदरी, गोपाल मंदिर, सराफा, कंठाल होकर मानस भवन पर समाप्त होगा। चल समारोह में रथ, बग्घी, झांकी और ध्वज शामिल रहेंगे। चल समारोह में शामिल होने की अपील जियालाल शर्मा, महेश पुजारी, निशा त्रिपाठी, अभिजीत दुबे, सुधीर चतुर्वेदी, शैलेंद्र द्विवेदी, मनीष उपाध्याय, गौरव उपाध्याय आदि ने की है।
परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर निकली वाहन रैली में शामिल महिलाएं। दूसरे चित्र में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भागीदारी की। वे भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए।
चाणक्यपुरी में पूजन कर शहीद पार्क से टू-व्हीलर पर निकली महिलाएं
उज्जैन | मंगलवार शाम 5.30 बजे ब्राह्मण महिलाओं ने चाणक्यपुरी स्थित परशुराम मंदिर में पूजन कर शहीद पार्क से वाहन रैली निकाली। महिलाएं केसरिया परिधान में दोपहिया वाहनों से निकलीं। रैली में बच्चे भोलेनाथ, कृष्ण और परशुराम के रूप में वाहनों पर सवार थे तो महिलाएं जीप में जयकारे लगा रहीं थीं। परशुराम मंदिर में महेश पुजारी ने महिलाओं को श्वेत ध्वज प्रदान किया। निशा त्रिपाठी, माया बधेका, देवकरण शर्मा ने झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली टावर, चामुंडा चौराहा, मालीपुरा, महाकाल, हरसिद्धि होते हुए पुनः टावर पहुंची, जहां राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के यश पुजारी आदि ने स्वागत किया।
महाकाल से परशुराम के जयकारे लगाते वाहनों से निकले युवा ब्राह्मण
भास्कर संवाददाता उज्जैन। अखिल भारतीय ब्राह्मण युवा परिषद ने मंगलवार शाम ब्रह्म जागरण यात्रा महाकाल मंदिर, बड़ा गणेश मंदिर के बाहर से शुरू की। डीजे के साथ 200 ब्राह्मण पैदल चल रहे थे। आकाश तिवारी, संचित शर्मा, अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में एक हजार वाहनों से हजारों युवा ब्राह्मण परशुराम के जयकारे लगाते निकले। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा शहीद पार्क पर समाप्त हुई जहां परशुराम जी की महाआरती की गई। आरती में यशोदा शर्मा, योगेश शर्मा, अविनाश पराशर, हिमांशु जोशी, पृथ्वीराज भारती आदि शामिल थे। आभार सचिव नितिन शर्मा ने माना।