पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आज खूब होंगी शादियां, देव सोने तक लग्न के 15 ही श्रेष्ठ मुहूर्त

आज खूब होंगी शादियां, देव सोने तक लग्न के 15 ही श्रेष्ठ मुहूर्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शादी-ब्याह, शुभ कार्यों की शुरुआत से लेकर बाजार से सोना-चांदी की खरीदारी के लिए वर्ष के सबसे बड़े अबूझ मुहूर्तों में से एक अक्षय तृतीया पर बुधवार को शहर में समाजों के सामूहिक सम्मेलनों, निजी समारोह में विवाह की धूम रहेगी तो सड़कों पर बैंड-बाजों के साथ बारातें निकलेगी। मुहूर्त में लोग बाजार से खरीदारी करेंगे। एक अनुमान के मुताबिक सम्मेलनों में 100 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे तो इतनी ही संख्या में निजी विवाह भी होंगे।

इसी माह 14 अप्रैल को मीन संक्रांति का मलमास समाप्त होने के बाद शादी के लिए अक्षय तृतीया ही सबसे पहला सर्वश्रेष्ठ और अबूझ मुहूर्त होगा क्योंकि इसके बाद शादी के लिए देव सोने तक 15 ही श्रेष्ठ मुहूर्त निकल रहे हैं। पंचांगकर्ता एवं ज्योतिषाचार्य पं. श्यामनारायण व्यास ने बताया 18 अप्रैल के अबूझ मुहूर्त के बाद विवाह के लिए 19, 20, 26, 29, मई में 11, 12, जून में 19, 20, 21, 22, 23, 25, 29 व जुलाई में 6,10 तारीख को श्रेष्ठ मुहूर्त आएंगे। अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदी शुभ मानी जाती है। सराफा बाजार में पिछले चार साल के भाव देखें तो सोना 6 हजार रुपए तोला प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया लेकिन अब भी ग्राहकों में इसकी मांग है। पटनी बाजार में सोना-चांदी के प्रमुख व्यापारी कैलाश कौशिक ने बताया वर्ष 2015 में अक्षय तृतीया के दिन सोना 26800 प्रति 10 ग्राम था। 2016 में 28500, 2017 में 29300 हुआ और अब 2018 में 32000 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा। चांदी भी चार साल में 5 हजार रुपए किलो महंगी हुई है। नोट बंदी और फिर 3 प्रतिशत जीएसटी लागू होने से 50 प्रतिशत ग्राहकी प्रभावित हुई थी पर अब भी शादी में लोग साेना तो खरीदते ही हैं।

मलमास के बाद गूंजेगी शहनाई, चार साल में 6 हजार रुपए तोला सोना महंगा फिर भी खरीदी कर रहे लोग

सामूहिक विवाह सम्मेलन : जानें आज कहां कितने जोड़ों का होगा विवाह

विश्वकर्मा पांचाल समाज

समाज का यह 33 वां सामूहिक विवाह है, जो मंगल कलश गार्डन खाक चौक पर होगा। अध्यक्ष राजेश पांचाल ने बताया समाज के 14 जोड़ों की शादी कराई जाएगी।

अखिल अजा समन्वय परिषद

प्रथम आयोजन कार्तिक मेला ग्राउंड में सुबह 11 बजे से होगा। आयोजक संतोष वर्मा ने बताया 50 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ भी दिया जाएगा।

श्री वैष्णव बैरागी समाज

अंकपात मार्ग धर्मशाला में पर गुरुवार को सुबह 11 बजे से समाज के 51 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह होगा। अध्यक्ष रामेश्वर बैरागी ने बताया वरिष्ठाें को भामाशाह सम्मान से सम्मानित करेंगे।

गुजराती रामी माली समाज

मालीपुरा धर्मशाला में सुबह 9 बजे से 23 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। अध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल ने बताया इस बार जुलूस सामूहिक नहीं निकाला। विवाह सामूहिक होगा।

सूर्य-चंद्रमा के उच्च में शादी से लेकर खरीदी शुभ

अक्षय तृतीया इसलिए भी खास है क्योंकि सर्वार्थ सिद्धि योग में आ रही है। ज्योतिषी पं. अमर डिब्बेवाला ने बताया बुधवार सुबह 6.8 बजे से सर्वार्थ सिद्धि योग लगेगा, जो रात 12.28 बजे तक रहेगा। दिनभर खरीदारी शुभ फलदायक रहेगी। सूर्य उच्च राशि मेष व चंद्रमा भी उच्च राशि वृष में रहेंगे। सूर्य-चंद्रमा का उच्च होना भी शुभता का ही प्रतीक है।

तृतीया बाद अधिकमास व कई कारणों से विवाह नहीं

शादी का अंतिम श्रेष्ठ मुहूर्त 12 मई को है। 16 मई से अधिकमास लगेगा, जो 13 जून तक चलेगा। अधिकमास में शादियां नहीं होगी। जून में 19 तारीख से मुहूर्त हैं। जुलाई में 10 तारीख तक ही शादियां होगी। 14 जुलाई से कर्क संक्रांति शुरू होने से शादियां नहीं होगी। 23 जुलाई को देव शयनी एकादशी से शादियां बंद हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...