माधवनगर अस्पताल में डॉक्टर से भिड़े कांग्रेसी
अस्पताल से महिला की छुट्टी करने पर विवाद
डॉक्टर ने कहा- फ्रेक्चर नहीं था, फिर से भर्ती के लिए दबाव बना रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
माधवनगर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता हड्डी रोग विशेषज्ञ से भिड़ गए। आरोप लगाया कि बिना उपचार के एक महिला की छुट्टी कर दी। उन्होंने एसपी को डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। उधर डॉक्टर का कहना है महिला को फ्रेक्चर नहीं था, इसलिए छुट्टी कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ता महिला को फिर से भर्ती करने के लिए दबाव बना रहे थे।
रहवासी अजीतसिंह ठाकुर ने बताया वार्ड क्र. 40 की निवासी महिला उमराव पति शंकरलाल के साथ वहां के कुछ लोगों ने मारपीट की थी, जिससे वह घायल हो गई थी। उसे माधवनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां डॉ. संजय राणा ने उपचार करने की जगह छुट्टी दे दी, जबकि उसे तकलीफ हो रही है। पार्षद आत्माराम मालवीय को पता चला तो वे मनीष गोमे और संतोष राणा के साथ डॉक्टर से मिलने अस्पताल पहुंचे। यहां डॉ. राणा ने मामले की सुनवाई करने की बजाय अभद्रता की। कहा कि अस्पताल मेरे हिसाब से चलेगा, आपके नहीं। डॉ. राणा के अभद्र व्यवहार करने और महिला की हालत में सुधार होने से पहले ही किसी दबाव में छुट्टी देने के विरोध में आत्माराम मालवीय, सुरेंद्र मरमट, दीपक मेहरे, लोकेश झांझोट, जगदीश रघुवंशी ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। जांच कर डॉ. राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ऐसा नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। डाॅ. राणा ने कहा-मैंने महिला का चैकअप किया था। उसे कोई फ्रेक्चर नहीं था। उसके उपचार के बाद ही छुट्टी दी है। कांग्रेस कार्यकर्ता उसे फिर से भर्ती कराने का दबाव बना रहे थे। मैंने पार्षद मालवीय से अभद्रता नहीं की।