- Hindi News
- National
- मेडिकल कॉलेज ने शपथ पत्र में कहा था नियमानुसार दिए एडमिशन, जवाबदारी हमारी
मेडिकल कॉलेज ने शपथ पत्र में कहा था- नियमानुसार दिए एडमिशन, जवाबदारी हमारी
एमबीबीएस में छह विद्यार्थियों के एडमिशन को लेकर विक्रम विश्वविद्यालय में सरगर्मी है। मामले में सीबीआई ने विवि को पत्र भेजकर कुछ जानकारियां तलब की हैं, जिसमें यह जवाब भी मांगा है कि छह विद्यार्थियों का पात्रता आैर नामांकन किस आधार पर हुआ। इधर दस्तावेजों में यह खुलासा हुआ है कि कॉलेज प्रबंधन ने ही शपथ पत्र देकर विवि को आश्वस्त किया था कि नियमानुसार ही एडमिशन दिए हैं।
व्यापमं घोटाले के अंतर्गत सीबीआई द्वारा एमबीबीएस के संदिग्ध एडमिशन की जांच की जा रही है। इसी के आधार पर 2013 में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में हुए छह एडमिशन को लेकर सीबीआई पड़ताल कर रही है। विवि से इन विद्यार्थियों की पात्रता आैर नामांकन की प्रक्रिया हुई। मामले में पात्रता व नामांकन को लेकर अधिकारी दस्तावेज खंगाल रहे हैं। कॉलेज ने ही इस संबंध में पत्र भेजा था कि नियमानुसार एडमिशन हुए हैं। वहीं रिजल्ट घोषित करने से पहले भी कॉलेज ने शपथ पत्र पर लिखकर दिया था कि सभी प्रवेश नियमानुसार दिए। अगर अनियमितताएं पाई जाती हैं तो जवाबदारी कॉलेज की होगी।
रिजल्ट के लिए विद्या परिषद ने दी थी स्वीकृति
विवि ने 2015 में कुछ रिजल्ट रोके थे। रिजल्ट को लेकर विद्या परिषद की स्थाई समिति को बैठक में निर्णय लिया कि आरडी गार्डी कॉलेज से शपथ पत्र लिया जाए कि कॉलेज ने जिन विद्यार्थियों को प्रवेश दिए हैं, वह नियमानुसार हैं। शपथ पत्र प्राप्त होने के बाद सशर्त परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए। जब कुलसचिव डॉ. परीक्षित सिंह से चर्चा की तो उन्होंने विद्या परिषद की सशर्त स्वीकृति एवं कॉलेज के शपथ पत्र संबंधी जानकारी नहीं होने की बात कही।