विभागीय जांच में घिरे लेखापाल को स्थापना शाखा प्रभारी बनाया
उज्जैन | विभागीय जांच में घिरे लेखापाल नरेंद्र पाराशर को सीएमएचओ डॉ.वीके गुप्ता ने स्थापना शाखा का प्रभारी बनाया है। आगर में पदस्थ रहते हुए पाराशर ने एएनएम से वेतन स्वीकृत करने के बदले में नानाखेड़ा क्षेत्र में बुलाकर रुपए की मांग की थी। एएनएम व उसके परिवार के लोगों ने रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए पाराशर के साथ मारपीट कर दी थी। नानाखेड़ा थाने में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। मामले में पाराशर को निलंबित कर दिया था। हालांकि उन्हें बाद में बहाल कर दिया गया। अभी उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। सीएमएचओ डॉ.गुप्ता का कहना है कि विभागीय जांच के चलते प्रभार दिया जा सकता है। पाराशर को स्थापना शाखा का प्रभार दिया है। अपर संचालक डॉ.केके वास्कले ने बताया पाराशर के खिलाफ जांच के आदेश हैं। दोषी पाया जाने पर उन्हें फिर निलंबित या अन्य सजा दी जा सकती है।