50 हजार लेकर ससुराल से भागी ठगोरी दुल्हन इंदाैर से गिरफ्तार
देवास| देवास के सिया में ठगोरी दुल्हन सहित उसकी गैंग ने मिलकर एक परिवार से 50 हजार रुपए लिए और फेरे के चार घंटे बाद ही चारों फरार हो गए। फोटोग्राफ और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुल्हन को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। देवास लाकर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजा गया। एक अन्य महिला व दो पुरुष साथी अब भी फरार हैं। देवास-सिया के 29 साल के दिलीप प्रहलाद राजपूत और पूजा उर्फ दीपा निवासी कालानी नगर इंदौर की शादी 4 नवम्बर 2017 को बिलावली के शिव मंदिर से रिश्तेदारों और मिलने वालों के बीच रस्मोरिवाज के साथ हुई थी।
उस दिन दोपहर 12 बजे से रस्में शुरू हुई और शाम 4 बजे फेरे, विदाई के बाद शाम को मंदिर से दूल्हा, दुल्हन सहित मेहमान सिया लौट गए। यहां गाने का दौर शुरू हुई। तब घबराहट होकर बताकर नई नवेली दुल्हन पूजा घर के बाहर आंगन में आकर बैठ गई। यह सुनकर परिजन अपने काम में व्यस्त हो गए। रात करीब 8 बजे जब भोजन की तैयारी चल रही थी, तब दुल्हन अचानक लापता हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दिलीप के बड़े भाई ललित ने बताया मेरे भाई की शादी पूजा से हुई थी। शादी कराने में प्रकाश शिवनारायण शर्मा शिप्रा, कमल पटेल और महिला श्यामू उर्फ सुमन निवासी इंदौर ने मुलाकात की थी। श्यामू ने खुद को पूजा की मां बताया था और प्रकाश व कमल पटेल ने परिचित बताया था। कमल दोनों पक्षों को पहचानता था और शादी की बात भी उसी ने चलाई थी। इसके बाद इनकी मौजूदगी में मैंने प्रकाश शर्मा को 50 हजार रुपए कैश दिए।
टीआई उमरावसिंह ने बताया दिलीप की रिपोर्ट पर कमल, श्यामू, प्रकाश व पूजा के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। दुल्हन पूजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बीएनपी टीआई ने बताया आरोपी के खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र थाना, लसुड़िया और उज्जैन जिले के नागदा थाने में मामला दर्ज है।