10 किलोमीटर की रफ्तार से चली गर्म हवा
उज्जैन | शहर में सोमवार को हवा की गति में बड़ा परिवर्तन आया। दिनभर तेज आंधीनुमा हवा चलती रही लेकिन तेज हवा चलने के बावजूद लोगों को गर्मी आैर उमस से राहत नहीं मिल सकी। सोमवार को दिनभर 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी तेज हवा चली, जिससे दिन के तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट आई आैर आर्द्रता भी 5 प्रतिशत कम हो गई। हालांकि फिर से गर्मी का असर पूरी तरह बना रहा। अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री रहा। रविवार-सोमवार की रात न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री रहा। मौसम प्रेक्षक दीपक गुप्ता ने बताया उत्तर-पश्चिम की ओर से तेज गर्म हवा आने का क्रम बना हुआ है। अगले 24 घंटों में भी तेज हवा चलने के साथ तापमान में एक डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है।