उज्जैन की उन्नति के लिए पहली बार 11 कुंडीय हनुमान यज्ञ
उज्जैन की आर्थिक उन्नति सहित विश्व कल्याण की कामना के लिए 7 दिनी 11 कुंडीय हनुमान कवच यज्ञ सोमवती अमावस्या पर्व पर सोमवार से सप्त ऋषि मंदिर गया कोठा के पास अयोध्या से आए महामंडलेश्वर नरसिंह दास सिद्ध बाबा के सान्निध्य में शुरू हुआ। काशी से आए पंडित संतोष मिश्र के आचार्यत्व में 11 पंडितों द्वारा यह अनुष्ठान कराया जा रहा है। पहले दिन एक लाख आहुतियां डाली गई। सात दिन यज्ञ चलेगा, जिसमें प्रतिदिन एक लाख यानी सात दिन में सात लाख आहुतियां डाली जाएगी। सुबह 7 बजे यज्ञ प्रारंभ हुआ, जो दोपहर 12:30 बजे तक चला। यज्ञ के पहले दिन ऊर्जा मंत्री पारस जैन सहित कई विशिष्टजनों ने आहुतियां देकर इसका शुभारंभ किया। यज्ञ की पूर्णाहुति 22 अप्रैल को की जाएगी। यज्ञ के बारे में महाराज श्री के शिष्य महामंडलेश्वर महावीर दास महाराज ने बताया विश्व कल्याण मानव सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट गुजरात के तत्वावधान में उज्जैन में पहली बार 11 कुंडीय हनुमान कवच यज्ञ किया जा रहा है, जिसमें अनेकों प्रकार के रोग, दोष आदि से मुक्ति की कामना भी की जाएगी। अजीत मंगलम ने बताया महाराज यहां मंदिर का निर्माण कर 11 मुखी हनुमान की दुर्लभ प्रतिमा की स्थापना करने जा रहे हैं। इसके पूर्व अनुष्ठान किया जा रहा है। बाहर से हनुमान जी की प्रतिमा लाई जा रही है। प्रतिष्ठा की तारीख अभी तय नहीं है लेकिन इसके लिए मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।