बड़नगर क्षेत्र के ग्राम जाफला में रविवार को अजगर का जोड़ा निकल आया। आबादी क्षेत्र के करीब होने से लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू टीम पहुंची तो जोड़ा जमीन में घुस गया। इन्हें बाहर निकालने के लिए जेसीबी से खुदाई कराई गई। जेसीबी का पंजा लग जाने से नर मारा गया लेकिन मादा को जिंदा पकड़ लिया। उसे देवास जिले के जंगल में छोड़ दिया है। 8 से 12 फीट लंबे अजगर के जोड़े को देख ग्रामीणों में हलचल मच गई थी। आमतौर पर अजगर बाहर नहीं निकलते। हालांकि उज्जैन जिले में चंबल किनारे और ग्रामीण क्षेत्रों में अजगर पाए जाते रहे हैं। वन विभाग की टीम ने जाफला में जोड़े को पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन जमीन में चले जाने से खुदाई करानी पड़ी, जिसमें नर अजगर जो करीब 12 फीट लंबा था मर गया। टीम ने मादा अजगर को पकड़ लिया तथा उज्जैन वन विभाग में ले आई। इसे सोमवार शाम देवास जिले के जंगल में छोड़ दिया है। रेस्क्यू प्रभारी उदय पंवार के अनुसार इसके पहले दिसंबर 2017 में तराना के रूपाखेड़ी के पास भी एक अजगर निकला था। जिसकी लंबाई 15 फीट थी, जिसे पकड़ कर जंगल में छोड़ा था। रविवार को मृत मिले अजगर का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।