नगर निगम के अधिकारियों पर कलेक्टर मनीष सिंह सोमवार शाम फिर बरस पड़े। सीएम की 27 मई को होने वाली यात्रा की तैयारी के लिए बुलाई गई बैठक में छह में से तीन जोन के अधिकारी ही मौजूद थे। कलेक्टर ने प्रभारी आयुक्त संजय मेहता से कहा- सूचना नहीं हुई या लोग बात नहीं मानते, कोई सुन नहीं रहा तो सस्पेंड कर दो। मेहता ने कहा- सूचना दे दी थी, तीन आ गए हैं, एक छुट्टी पर है।
उन्होंने मेहता से कहा सभा की व्यवस्थाएं अच्छी होना चाहिए। आप खर्च की चिंता मत करो। मैं प्राॅपर्टी टैक्स की वसूली करा दूंगा। मैं निगम को दमदार बना दूंगा। जिले के सभी विभागों के प्रमुख बैठक में मौजूद थे ताकि सीएम की यात्रा के लिए टारगेट और व्यवस्था की जिम्मेदारी दी जा सके। कलेक्टर ने श्रमिक पंजीयन कराने वालों को सभा में लाने व उनके सर्टिफिकेट तैयार करने के साथ प्रसूति व अंत्येष्टि सहायता राशि के स्वीकृति पत्र भी तैयार करने को कहा। उन्होंने टारगेट दिया कि हर जोन से पांच बस भर कर लोगों को लाना है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खाचरौद से 4, नागदा से 5, उन्हेल से 3, तराना से 5, बड़नगर से 3 बसों से योजनाओं का लाभ लेने वालों को लाने का टारगेट सीएमओ व जनपद अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने आरटीओ संतोष मालवीय को 450 बसें अधिग्रहीत करने का टारगेट दिया। सभा के लिए विद्युत वितरण कंपनी, पंचायतों और अन्य विभागों को भी योजनाओं का लाभ लेने वालों को लाने की जिम्मेदारी दी है।
दादागिरी नहीं, भरोसे में लेकर बसें लेना
कलेक्टर ने आरटीओ से कहा दादागिरी से नहीं ऑपरेटरों को भरोसे में लेकर बसें लेना है। उन्होंने बस ऑपरेटरों के भुगतान की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि जिनका बकाया है, उन्हें जल्दी भुगतान करा देंगे। इसके लिए अलग से बैठक करेंगे। खाद्य अधिकारी आरके वाइकर ने बताया 40 लाख के डीजल का भी भुगतान नहीं हुआ है। कलेक्टर ने अधिगृहीत बसों की लॉग बुक बनाने को भी कहा।
बारिश जल्दी आएगी, खरीदी पूरी करो
संभागायुक्त ओझा ने गेंहूं, चना, मसूर, सरसो, उड़द की खरीदी जल्दी पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया इस बार बारिश जल्दी आएगी। इसलिए खरीदी पूरी कर उपज को सुरक्षित कर लें। उन्होंने खरीदी की राशि किसानों के खाते में समय पर डालने के लिए भी कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभा स्थल पर अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था करने को कहा।
आंदोलनकारियों व बदमाशों पर रहेगी नजर
किसान आंदोलन में शामिल लोगों और बदमाशों पर पुलिस की नजर रहेगी। इसके लिए पटवारी और चौकीदारों से भी जानकारी तलब करेंगे। रमजान के चलते शरारती तत्वों पर निगरानी के साथ विवादित स्थलों पर नए निर्माण नहीं होने देने के लिए एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी। डीआईजी डॉ. रमणसिंह सिकरवार ने कहा पूर्व में आरोपी रहे लोगों को पहले से बाउंडअप भी करें।
फायर ब्रिगेड में पानी भी होना चाहिए
आईजी राकेश गुप्ता ने कहा पार्किंग व ट्रैफिक व्यवस्था के साथ फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था करें। यह ध्यान रखें की फायर ब्रिगेड में पानी भी हो। एलईडी गिरे नहीं। टेंट मजबूत हो।