ट्रैफिक थाने में पदस्थ महिला सूबेदार उर्मिला चौहान की सरकारी बाइक सोमवार दोपहर को बदमाश चुरा ले गए। सूबेदार घर जा रही थी। मुंगी तिराहे पर बाइक खड़ी कर सांची पाइंट पर दूध लेने के रुकी थी। इतनी देर में बदमाश बाइक चुरा ले गए।
घटना दोपहर 3.30 बजे करीब की है। जिस मुंगी तिराहे से बाइक चोरी गई है वह मुख्य मार्ग है और बदमाश को बाइक चुराकर ले जाने में मुश्किल से एक मिनट का समय लगा। सूबेदार सांची पाइंट से दूध लेने के बाद पलटी तो देखा कि बाइक नहीं थी। सूबेदार ने तत्काल वायरलेस सेट पर इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने नाकों पर घेराबंदी भी की लेकिन बदमाश नहीं मिले। शाम को सूबेदार ने माधवनगर थाने में चोरी की रिपोर्ट की। हंक बाइक पुलिस लाइन के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आवंटित हुई थी। माधवनगर पुलिस ने कंजरों पर शंका जताई है।
नागदा का वाहन चोर पकड़ाया, 10 बाइक बरामद
रूटीन चेकिंग में रविवार शाम कानीपुरा रोड पर चिमनगंज पुलिस ने नागदा के वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक ही दिन में उसके द्वारा विभिन्न स्थानों पर छुपाकर रखी गई 10 बाइक बरामद की है। 10 बाइक की कीमत 5 लाख रुपए है चोरी का और भी सामान बरामद होने की संभावना है। एसपी सचिन अतुलकर ने बताया पुलिस को सूचना मिली थी कि कानीपुरा क्षेत्र में बाइक चोर घूम रहा है। इसीलिए रूटीन चैकिंग में टीआई अरविंद सिंह तोमर भी मौजूद रहे। इसी दौरान बाइक नंबर एमपी 13 डी डब्ल्यू- 3483 पर सवार जीवन पिता पीरूलाल तंबोलिया को रोका। उससे गाड़ी के कागजात मांगे तो वो पुलिस को गुमराह करने लगा।
इंटरनेट से बाइक के असली नंबर पता किए जो एमपी 13 डीपी- 9291 है। बाइक की असलियत सामने आने पर बाइक जब्त की और बाइक सवार जीवन को पुलिस थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की तो उसके पास चोरी की 10 बाइक होना पाया गया। पुलिस ने 10 बाइक बरामद कर ली है।
गिरफ्तार चोर।