जयपुर के 100 किलो मोगरे से सजे बंगले में ठाकुरजी
श्री वल्लभाचार्य जयंती के अवसर पर शनिवार को मंगलनाथ मार्ग स्थित महाप्रभु जी की बैठक पर जयपुर से विशेष तौर पर मंगवाए गए 100 किलो मोगरे के फूलों से सजे बंगले में ठाकुर जी ने विराजकर भक्तों को दर्शन दिए।
महाप्रभु जी की बैठक के ट्रस्टी विजय गुप्ता ने बताया कि फूल बंगले की सजावट के लिए 100 किलो मोगरा जयपुर से मंगवाया तथा 100 किलो गुलाब के फूल उज्जैन से लिए गए। 200 किलो फूलों के बंगले में ठाकुरजी की झांकी देखते ही बन रही थी। मोगरे और गुलाब से बैठक जी सहित मंदिर के आसपास का क्षेत्र महक उठा। ठाकुर जी को 20 मिट्टी की मटकियां भरकर खरबूजे के पने का भोग भी लगाया गया। गर्मी में भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए इस तरह के पानी के फलों का भोग लगाया जाता है। शाम 7 बजे अद्भुत शृंगार दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले गए। रात 9 बजे के बाद तक हजारों वैष्णवजन यहां दर्शन करने उमड़े। वल्लभाचार्य जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिनी उत्सव के समापन में यह दर्शन हुए। रात्रि में शयन के बाद भगवान को लगाया पने का भोग भक्तों में वितरित कर दिया गया।
कल मंडी में नीलामी नहीं होगी
उज्जैन | सोमवार को साेमवती अमावस्या होने से मंडी का नीलामी कार्य बंद रहेगा। मंडी अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला ने बताया सोमवती अमावस्या होने से मंडी में नीलामी नहीं होगी। किसान इस अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में नहीं लाएं। इस बाबत शुक्रवार को मंडी में माइक से मुनादी भी करवाई गई।