पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ऑपरेटर ने खड़ी की बसें, परमिट निरस्त की चेतावनी दी तब माने

ऑपरेटर ने खड़ी की बसें, परमिट निरस्त की चेतावनी दी तब माने

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यात्री बसों की हड़ताल की सूचना एक दिन पहले ही आने लग गई थी लेकिन अफसरों ने ध्यान ही नहीं दिया। सोमवार सुबह बस संचालकों के एक धड़े ने 40 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग के समर्थन में बसों की हड़ताल कर दी। सुबह 6 बजे से बसें चलाना बंद कर दिया। अफसरों को 11 बजे पता चला और वे दोपहर तक सक्रिय हुए। परमिट निरस्त करने की चेतावनी पर दोपहर बाद तक हड़ताल खत्म हो सकी। इस दौरान यात्रियों को खासी फजीहत हुई।

रविवार को परिवहन विभाग ने 10 फीसदी बस किराया बढ़ाने का आदेश जारी किया। सोमवार सुबह देवासगेट-नानाखेड़ा बस स्टैंड से 50 फीसदी बसें नहीं चल रही थी। बाकी जो चल रही थी, उन्हें भी जबरन खड़ा किया जाने लगा। एडीएम जीएस डाबर, आरटीओ संतोष मालवीय और सीएसपी सतीश समाधिया ने एसपी के साथ बैठक की। इसके बाद ये तीनों दोपहर में बल के साथ देवासगेट पहुंचे। अधिकारियों ने यहां से यात्रियों को बसों में बैठाकर रवाना कराया। इसके बाद ये नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचे। यहां 25 बसें खड़ी थी। अधिकारियों ने ड्राइवर और ऑपरेटरों को चेतावनी दी कि वे बसें नहीं चलाओगे तो परमिट निरस्त की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्वयं इन बसों में यात्रियों को बैठाया और बसें रवाना कराया। शाम होते-होते सारी बसें चलने लगी थी।

40 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग, नानाखेड़ा पर खड़ी रही 25 से ज्यादा बसें

410 यात्री बसें जिले में

17000 यात्री एक फेरे में सफर करते

250 बसें बंद रही

20 हजार यात्री परेशान हुए

चार्टर्ड व सिटी बसों पर भी लागू होगा बढ़ा किराया

परिवहन के उप सचिव कमल नागर ने बताया कि बसों के किराए में 10 फीसदी तक की वृद्धि को लागू करने के लिए सोमवार को फाइल गजट नोटिफिकेशन के लिए भेज दी हैं। संभवत: मंगलवार-बुधवार को नोटिफिकेशन को जाएगा। इधर आरटीओ मालवीय ने बताया कि गजट नोटिफिकेशन के साथ ही बढ़ा हुआ किराया लागू हो जाएगा। ये बढ़ा हुआ किराया साधारण यात्री बसों के अलावा चार्टर्ड व सिटी बसों पर भी लागू होगा।

नानाखेड़ा बस स्टैंड पर ऑपरेटरों ने इस तरह से लाइन से बसें खड़ी कर दी थी।

ऐसे दुविधा में पड़े मुसाफिर

देवास रोड निवासी श्रवण सिंह को सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर जाना था। बसें नहीं चलने से वे नानाखेड़ा बस स्टैंड पर परेशान होते रहे। दोपहर बाद जब बसें चलने लगी तो बस में बैठते वक्त इस असमंजस में थे कि कहीं कार्यक्रम ही समाप्त ना हो गया हो। ऐसे ही कृषक लाड़ सिंह पंप खरीदी के सिलसिले में इंदौर जाने घर से निकले थे। बसों की फजीहत से पशोपेश में थे कि कहीं इंदौर पहुंचने के बाद वापसी के लिए बस नहीं मिलेगी तो क्या करेंगे।

दोबारा ऐसा होगा तो कार्रवाई करेंगे

सुबह बसें नहीं चल रही थी। मौके पर जाकर बसें रवाना कराई हैं। दोबारा ऐसी हरकत करेंगे तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जीएस डाबर, एडीएम

बस संचालकों को चेतावनी दी है

बस संचालकों को चेतावनी दे दी है कि हड़ताल नियम के विरुद्ध हैं। यदि वे दोबारा ऐसा करेंगे तो परमिट निरस्त कर दिए जाएंगे। संतोष मालवीय, आरटीओ

खबरें और भी हैं...