पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सी 21 की पूर्णता प्रमाण पत्र फाइल ही गायब

सी-21 की पूर्णता प्रमाण पत्र फाइल ही गायब

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नानाखेड़ा स्थित सी-21 में हुए अतिरिक्त निर्माण और समझौता शुल्क के 75 लाख रुपए जमा कराए बगैर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर शासन को हानि पहुंचाने के मामले में ईओडब्ल्यू ने जांच शुरू कर दी है। नगर निगम ने ईओडब्ल्यू को जो दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, उनमें पूर्णता प्रमाण पत्र की फाइल ही गायब है। खास बात तो यह है कि निगम इंजीनियरों ने फाइल जोन-6 में होना बताई, जब इस जोन में पड़ताल की तो यहां से जवाब मिला, निगम के कॉलोनी सेल में होगा।

सी-21 क बिल्डिंग में हुए निर्माण को लेकर ईओडब्ल्यू भोपाल को गोपनीय शिकायत हुई थी। जहां से शिकायत दर्ज कर उज्जैन ईओडब्ल्यू को जांच के आदेश हुए हैं। जिसमें डीएसपी स्तर के अधिकारी जांच कर रहे हैं। मामले में आरोप है कि बिल्डिंग में अतिरिक्त निर्माण किया गया। बिल्डिंग परमिशन के विपरीत बेसमेंट से लेकर दूसरी मंजिल तक निर्माण कर लिया। दो बिल्डिंगों के बीच में 30 फीट की जगह 20 फीट की ही जगह छोड़ी गई। बगैर समझौता शुल्क जमा करवाए ही निगम के इंजीनियरों ने बिल्डर को पूर्णता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया। शासन को 75 लाख के राजस्व की हानि है। निगम के सब इंजीनियर नरेश जैन ने ईओडब्ल्यू को दस्तावेज उपलब्ध करवाए। जिनमें बिल्डिंग की पूर्णता प्रमाण पत्र की फाइल ही गायब हैं। निगम अधिकारियों से ईओडब्ल्यू ने इस फाइल के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि जोन 6 में उपलब्ध होगी। जोन 6 पर पता किया तो यहां से जवाब मिला कि कॉलोनी सेल में होगी।

फाइल नहीं मिली तो साक्ष्य प्रभावित करने का केस भी

ईओडब्ल्यू डीएसपी अजय कैथवास का कहना है निगम ने सी-21 मॉल के दस्तावेज उपलब्ध करवाएं हैं। उसमें पूर्णता प्रमाण पत्र की फाइल नहीं है। यहां-वहां बताई जा रही है। फाइल नहीं मिलती है तो निगम के इंजीनियरों के खिलाफ साक्ष्य छिपाने व जांच प्रभावित करने का मामला भी दर्ज किया जाएगा।

स्वीकृत नक्शे के तहत निर्माण

सी-21 के संचालक संजय बाफना का कहना है निगम से स्वीकृत नक्शे के तहत निर्माण किया है। अतिरिक्त निर्माण नहीं किया है। इस वजह से समझौते शुल्क की कोई बात ही नहीं है।

खबरें और भी हैं...