पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • विशेषज्ञ डॉक्टर गायब, शुरू नहीं हुआ अस्थि रोग विभाग

विशेषज्ञ डॉक्टर गायब, शुरू नहीं हुआ अस्थि रोग विभाग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिस विशेषज्ञ को जिम्मा सौंपा, उन्होंने आना ही बंद कर दिया

भास्कर संवाददाता | उज्जैन

जिला अस्पताल में अस्थि रोग विभाग दो दिन पहले शनिवार को शुरू किया था। उद्देश्य था मरीजों को जिला व माधवनगर अस्पताल दोनों जगह पर हड्डी के मरीजों को उपचार मिल सके। जिला अस्पताल में ओपीडी है...वार्ड तैयार है... उसमें बेड लगे हैं, स्टाफ मौजूद है लेकिन उपचार करने वाले डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। मंत्री पारस जैन सोमवार को इस विभाग का विधिवत शुभारंभ करने वाले थे लेकिन विभाग में व्यवस्थाएं नहीं बन पाने से मामला अधर में रह गया।

माधवनगर अस्पताल में पिछले दो साल से संचालित हड्डी रोग विभाग को जिला अस्पताल में शिफ्ट नहीं किए जाने से यहां पर अलग विभाग शुरू किया गया। इसके संचालन के लिए खंडवा से डॉ. अंकित अलावा की पदस्थापना उज्जैन जिला अस्पताल में करवाई। शनिवार को डॉक्टर ने यहां कार्य भी संभाल लिया लेकिन उसके बाद वे नहीं आए। ऐसे में मरीजों को न तो ओपीडी और न हड्डी विभाग में उपचार मिल पा रहा। माधवनगर अस्पताल से भी डॉक्टर यहां नहीं आना चाहते हैं, जिसके चलते जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के संचालन पर संकट खड़ा हो गया। यहां के मरीजों को माधवनगर अस्पताल ही जाना पड़ रहा है। सोमवार को माधवनगर अस्पताल प्रभारी डॉ. विनोद गुप्ता व रोकस सदस्य राजेश बोराणा के बीच मंथन हुआ, जिसमें डॉ.गुप्ता ने सलाह दी कि हड्डी के मरीजों की ओपीडी, आई ओपीडी की तरह जिला अस्पताल में ही चलती रहे लेकिन यदि किसी मरीज को भर्ती रखना हो या ऑपरेशन किया जाना हो तो उसे माधवनगर अस्पताल में भेजा जाए। हालांकि इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया।

ओपीडी, वार्ड व ओटी का संचालन मुश्किल, व्यवस्थाएं गड़बड़ाई तो मंत्री विधिवत शुभारंभ व निरीक्षण करने नहीं पहुंचे

अस्थि रोग विभाग में शुभारंभ के पहले तैयारियां करता जिला अस्पताल का स्टाफ।

डॉक्टर की पदस्थापना करना होगी

डॉक्टर की उपलब्धता के बगैर जिला अस्पताल का हड्डी रोग विभाग नहीं चल पाएगा। इसके लिए डॉक्टर की पदस्थापना करवाना होगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है डॉ. अलावा को वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे। अभी उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

पूरी तैयारी कर रखी है

हमने तो पूरी तैयारी कर रखी है। डॉक्टर नहीं आए तो क्या करें। उनका मोबाइल नंबर भी बंद है। उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिला अस्पताल अब आगे निर्णय लेगा। डॉ.जीएस धवन, आरएमओ, जिला अस्पताल

खबरें और भी हैं...