दो घंटे की बच्ची को तीसरी मंजिल पर टाट की बोरी पर लावारिस छोड़ा
उज्जैन | शनिवार रात दो घंटे की बच्ची मकान की तीसरी मंजिल पर टाट की बोरी पर लावारिस मिली। यह मकान गांधी नगर में पुरुषोत्तम सागर के सामने है। मकान की तीसरी मंजिल खाली है, यहां के एक कमरे में बच्ची मिली। बच्ची को रात 8 बजे मकान के मालिक फिरोज मोहम्मद ने देखा। उन्होंने डॉयल-100 को कॉल किया। रात 9 बजे डॉयल-100 ने बच्ची को चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर प्रकृति सिसौदिया ने उपचार के बाद बच्ची को एसएनसीयू में भर्ती कर दिया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
बच्ची मिलने के बाद पुलिस को मां की तलाश
चिमनगंज पुलिस ने बच्ची की मां की तलाश शुरू कर दी है। अंदेशा है कि डिलिवरी मकान के आसपास किसी घर में हुई है, तभी बच्ची को जन्म के तत्काल बाद लावारिस छोड़ दिया।
छोड़ने वाला जानता था तीसरी मंजिल खाली है
जिस मकान में बच्ची मिली, उसकी पहली और दूसरी मंजिल पर किराएदार रहते हैं, तीसरी मंजिल खाली पड़ी है, इसमें ताला भी नहीं लगा था। बच्ची को छोड़ने वाला यह जानता था। मकान मालिक दूसरे मकान में रहता है, घर पर मेहमान आने से वे अपने पिता के साथ यहां सोने आए थे।
बाल कल्याण समिति लेगी फैसला
फिलहाल बच्ची एसएनसीयू में रहेगी। स्वस्थ होने पर बाल कल्याण समिति फैसला लेगी कि बच्ची को कहां छोड़ा जाए। संभवत: इसे मक्सीरोड स्थित अनाथ आश्रम मातृछाया में छोड़ा जा सकता है।