पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उज्जैन एसडीएम व बड़नगर तहसीलदार संभाग की मेरिट में, उज्जैन तहसीलदार अनुपस्थित

उज्जैन एसडीएम व बड़नगर तहसीलदार संभाग की मेरिट में, उज्जैन तहसीलदार अनुपस्थित

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एसडीएम व तहसीलदारों की चुनावी ट्रेनिंग से जुड़ी परीक्षा में दूसरे दिन संभागभर से आठ अधिकारी शामिल हुए। इनमें से चार अधिकारी ही परीक्षा पास कर पाए जबकि इतने ही फेल हुए। दूसरे दिन की इस परीक्षा में महिदपुर व माकड़ौन के तहसीलदार भी क्वालीफाई नहीं कर पाए। जबकि उज्जैन एसडीएम क्षितिज शर्मा 27 और बड़नगर के तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा 26 अंक लाकर संभाग में मेरिट में रहे हैं।

मंगलवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज में सुबह 11 बजे से परीक्षा शुरू हो गई थी। जिले के चार सहित संभाग से 8 अधिकारी इसमें पर्चा देने आए थे। आधे घंटे की परीक्षा में इन्हें 30 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के जवाब चार में से एक सही पर टीक लगाकर देने थे। हर प्रश्न एक नंबर का था। परीक्षा पास होने के लिए 30 में से 21 अंक लाने अनिवार्य थेे। चूंकि पेपर अंग्रेजी में था लिहाजा टेक्नीकली शब्दों को समझने के लिए अफसरों को दिमाग पर जोर भी डालना पड़ा। अफसरों की परीक्षा पर्यवेक्षण अपर आयुक्त पीआर कतरोलिया और मास्टर ट्रेनर शैली कनाश ने ली। दोनों दिन परीक्षा में उज्जैन तहसीलदार सुदीप मीणा व रतलाम के तहसीलदार अनुपस्थित रहें। इनके संबंध में चुनाव आयोग से मार्गदर्शन लेकर परीक्षा ली जाएगी।

तहसीलदार पांडे 6 मिनिट पहले बाहर आए, बोले पेपर इजी था, फेल हो गए

माकड़ौन के तहसीलदार पांडे सबसे पहले 6 मिनिट पूर्व ही परीक्षा हॉल से बाहर आ गए थे। पर्चा कैसा गया पूछने पर जवाब दिया इजी था। बोले की अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी में भी होता था तो और जल्दी हल कर देता। इतना कहकर वे रवाना हो गए। मूल्यांकन में उन्हें 15 अंक ही आए। वे 6 अंक से फेल हो गए।

एसडीएम व तहसीलदारों की परीक्षा में दूसरे दिन परीक्षा देते अधिकारी व मॉनीटरिंग करतीं मास्टर ट्रेनर शैली कलाश।

इधर शर्मा ने आते ही कहा था कि रातभर पढ़ाई की है

उज्जैन एसडीएम शर्मा परीक्षा शुरू होने के ऐन वक्त पर आए थे। साथी अफसरों से आते ही उन्होंने कहा कि रातभर पढ़ाई करना पड़ गई। पर्चा देने के बाद जब वे बाहर आए तो ही उम्मीद जता रहे थे कि क्वालीफाई कर लेंगे। उन्हें संभाग के अफसरों में सबसे ज्यादा 27 अंक मिले।

ऐसे सवाल पूछे गए थे परीक्षा में

सवाल:- नामावली का प्रकाशन कब होता है।

सवाल:- कितनी आयु में मतदान के लिए व्यक्ति पात्र हाेता है।

सवाल:- क्षेत्र में सुपरविजन कौन करेगा।

सवाल:- सर्विस वोटर किसे कहते हैं।

सवाल:- मतदाता को किस तिथि व अवधि में जोड़ा जाना चाहिए।

यह रहा परिणाम

क्षितिज शर्मा, एसडीएम उज्जैन (27)

रमेश सिसौदिया अपर तहसीलदार उज्जैन (23) मीना पाल, तहसीलदार महिदपुर (20) शिवकांत पांडे, तहसीलदार माकड़ौन (15) प्रियंका चौरसिया, तहसीलदार देवास (12) सीएल देवड़ा, एसडीएम नीमच (25)

मधु नायक, तहसीलदार नीमच (क्वालीफाई नहीं कर पाए)। लालजी मरावी, असि.तहसीलदार नीमच (उत्तीर्ण)। (संभाग के ये वे अधिकारी थे जो पहले दिन परीक्षा में अनुपस्थित रहे थे। जो क्वालीफाई नहीं कर पाए हैं उन्हें दोबारा से चुनाव की ट्रेनिंग लेना पड़ेगी)।

पहले दिन की परीक्षा में ये अफसर उत्तीर्ण हुए थे

एसडीएम एसआर सोलंकी (घट्टिया), जगदीश गोमे (महिदपुर), अवधेश शर्मा (तराना), गोपाल सिंह (खाचरौद) व तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा (बड़नगर) और विवेक सोनकर (नागदा)। पहले दिन की परीक्षा में जिले के ये अफसर अनुतीर्ण रहे- बड़नगर एसडीएम एकता जायसवाल, खाचरौद तहसीलदार प्रियंका मिमरोट, घटिया तहसीलदार राजाराम करजरे व तराना तहसीलदार संजय वाघमरे।

खबरें और भी हैं...