- Hindi News
- National
- यूडीए का सहायक यंत्री नक्शा ही नहीं समझा पाया चेयरमैन बोले मुझे ही नहीं बता पा रहे तो छत की विज्ञप्ति क्या निकालोगे?
यूडीए का सहायक यंत्री नक्शा ही नहीं समझा पाया चेयरमैन बोले- मुझे ही नहीं बता पा रहे तो छत की विज्ञप्ति क्या निकालोगे?
उज्जैन | यूडीए चेयरमैन जगदीश अग्रवाल ने बुधवार को इंजीनियरों व संपदा शाखा के योजना प्रभारियों के साथ में प्राधिकरण की योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले ऋषिनगर छोटा काॅम्प्लेक्स की छत को देखा। यह काॅम्प्लेक्स 1983-84 में बना होने से चेयरमैन ने इंजीनियरों से पूछा कि इसकी छत को बेचते हैं तो यह ऊपर निर्माण को सह पाएगी या नहीं। इसकी तकनीकी रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करें। उन्होंने काॅम्प्लेक्स की दुकानों के बकायादारों की जानकारी ली, जिसमें उन्हें योजना प्रभारी ने बताया 5-6 बकायादार हैं, जो राशि जमा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने दुकानों को सील करने व पुलिस को सूचना देने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने नानाखेड़ा काॅम्प्लेक्स की छत देखी, यहां उन्होंने सहायक यंत्री महेश गुप्ता से छत के नक्शे के बारे में जानकारी चाही तो वह नक्शा नहीं समझा पाया। इस पर अग्रवाल ने गुप्ता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आप मुझे ही नक्शा नहीं समझा पा रहे हैं तो इसकी विज्ञप्ति क्या निकालोगे। निरीक्षण के दौरान ईई केसी पाटीदार व योजनाओं के प्रभारियों ने काॅम्प्लेक्स की छत की साइज व क्या निर्माण हो सकता है तथा संभावित दर की जानकारी दी। अधूरी जानकारी को लेकर चेयरमैन इतने नाराज थे कि उन्होंने बाद में दूसरे काॅम्प्लेक्स की छतों का निरीक्षण ही नहीं किया। यूडीए सीईओ अभिषेक दुबे ने शाम को सहायक यंत्री महेश गुप्ता, सब इंजीनियर आरसी जाटवा व बाबू सुनील डाबर को नोटिस भी जारी कर दिया। इनसे तीन दिन में जवाब मांगा है।