पुनर्गणना में सांसद पुत्र के नौ नंबर बढ़े, एनएसयूआई ने मचाया हंगामा
विक्रम विश्वविद्यालय में पुनर्गणना में सांसद प्रोफेसर चिंतामणि मालवीय के पुत्र दुष्यंत मालवीय के नौ नंबर बढ़ने के मामले में कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों ने एनएसयूआई के साथ विवि में मंगलवार को जमकर हंगामा मचाया। छात्र नेताओं ने विवि प्रशासन पर नियमों के विपरीत नंबर बढ़ाने का आरोप लगाया और मामले में जांच के लिए कमेटी बैठाने की मांग रखी।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव प्रितेश शर्मा एवं जिला अध्यक्ष अंबर माथुर के साथ छात्र नेता जितेंद्र परमार, बबलू खिंची सहित 100 से अधिक कार्यकर्ता मंगलवार दोपहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। कर्मचारियों ने चैनल लगा दिए। छात्र नेता कुलपति प्रोफेसर एसएस पांडे को ज्ञापन देना चाहते थे लेकिन कुलपति कक्ष से बाहर नहीं आए। हंगामे की सूचना मिलते ही सीएसपी सतीश समाधिया पुलिस बल सहित विवि पहुंच गए। कुलसचिव डॉक्टर परीक्षित सिंह से छात्र नेताओं की बहस हुई। एनएसयूआई के प्रितेश शर्मा ने बताया विवि प्रशासन ने एमए में अध्ययनरत सांसद पुत्र एवं एबीवीपी के जिला संयोजक दुष्यंत मालवीय के पुनर्गणना में 9 नंबर बढ़ाएं हैं। जबकि अन्य के नंबर नहीं बढ़ते हैं। नेताओं ने कुलसचिव डॉ. सिंह को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई पदाधिकारी एसपी सचिन अतुलकर से भी मिलने पहुंचे और जांच के लिए ज्ञापन दिया। उच्च शिक्षा विभाग के उज्जैन संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. आरसी जाटवा को भी ज्ञापन दिया।
चुनाव आ रहे हैं इसलिए मुझे किया जा रहा बदनाम
सांसद पुत्र दुष्यंत का कहना है कि प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं इसलिए कांग्रेस समर्थित संगठन मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने परीक्षा में 5 में से 4 प्रश्नों के उत्तर लिखे थे लेकिन 2 प्रश्नों के अंकों को गणना नहीं की गई। इसलिए नंबर बढ़े हैं।
चैनल गेट पर पुलिस अधिकारियों से बहस करते छात्र संगठन के पदाधिकारी।