गोवर्धनधाम में महिलाओं ने भागवत का बीड़ा उठाया
सांवेर रोड स्थित गोवर्धन धाम कॉलोनी में 18 से 24 मई तक आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ की सभी व्यवस्थाएं रहवासी संघ की महिला विंग संभाल रही हैं। महिलाओं ने आयोजन में किसी भी पुरुष की भागीदारी नहीं रखी है।
महिला विंग अध्यक्ष उर्मिला तोमर के अनुसार कॉलोनी में भागवत कथा के आयोजन की रूपरेखा महिला विंग ने ही बनाई। महिलाओं ने सभी व्यवस्थाएं संभालने का बीड़ा उठा लिया। सभी कॉलोनी वासियों का इसमें सहयोग लिया गया है लेकिन व्यवस्थाएं महिलाओं ने अपने हाथ में रखी है। आयोजक मंडल में कृष्णा अग्रवाल, मंजू गोयल, प्रीति तिवारी, संगीता कालरा, सरिता पांडे, रिंकू बेलानी, अलका चित्तौड़ा, सागर चंदेरी, प्रवीणा बधेका, कंवलजीत कौर गांधी और उषा दरबार के माध्यम से राधिका ग्रुप बना कर आयोजन किया जा रहा है। महिलाएं टेंट, माइक, प्रसाद, बैठक जैसी व्यवस्थाएं करेंगी। इसके लिए महिलाओं को ही जिम्मेदारी दी गई है।
यजमान भी महिलाएं
कार्यक्रम में सभी यजमान भी महिलाएं हैं। मुख्य यजमान के अलावा नंद उत्सव और रुक्मिणि विवाह के लिए भी यजमान महिलाएं ही हैं।
ये सात दिनी कार्यक्रम
मीडिया प्रभारी साधना जैन के अनुसार 18 मई को सांई मंदिर अलखधाम से शोभायात्रा सुबह 10.30 बजे शुरू होकर गोवर्धन नगर पार्क आयोजन स्थल पहुंचेगी। भागवत कथा का वाचन गिरीश गुरुजी करेंगे। 19 को कथा का महात्म, 20 मई को ध्रुव चरित्र व भरत चरित्र, 21 मई को नृसिंह अवतार व रामजन्म, 22 मई को रामलीला, कृष्ण जन्मोत्सव, 23 मई को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला, गोवर्धन लीला तथा 24 मई को रुक्मिणि विवाह, महाआरती व पूर्णाहुति होगी। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भागीदारी करेंगे।