महाकाल थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा में रहने वाली 16 साल की नाबालिग को मोहल्ले के ही शादीशुदा युवक ने घर में बुलाकर चाय में नशीली दवाई मिलाकर पिलाई और अपहरण कर चिंतामण ले गया। यहां किशोरी को होश आया तो वह युवक से छुपकर भागी और घर आकर परिजनों का बताया। पिता के साथ जाकर महाकाल थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर चोट जैसे कोई निशान नहीं होने से दुष्कर्म या छेड़छाड़ नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर अपहरण की धारा में केस दर्ज किया है।
टीआई एमएस परमार ने बताया जयसिंहपुरा क्षेत्र में रहने वाले भय्यू उर्फ प्रकाश पर आरोप है कि उसने क्षेत्र की बालिका को घर में ये कहकर बुलाया कि तुम्हारी दीदी (आरोपी की प|ी) बुला रही है। जब किशोरी घर में गई तो कोई भी मौजूद नहीं था। इस पर उसने कहा कि दीदी तो नहीं है तो आरोपी बोला कि कहीं गई होंगी अभी आ जाएगी। जब तक तुम चाय पीयो। आरोपी ने किचन में जाकर चाय बनाई और किशोरी को पिलाई। इससे वह बेहोश हो गई। इसी हालत में युवक उसे लेकर चिंतामण की तरफ जा रहा था। तभी चिंतामण जवासिया में किशोरी बेहोशी से जागी और भागकर वापस घर लौटकर पिता और भाई को पूरी घटना बताई। एसआई प्रमोद पाटिल ने बताया किशोरी की शिकायत पर अपहरण की धारा 363 में प्रकरण दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। मेडिकल भी कराया, जिसमें दुष्कर्म अथवा छेड़छाड़ नहीं होने की बात सामने आई है।