होर्डिंग्स, बैनर और झंडों से जख्मी फ्रीगंज का 80 साल पुराना टावर
नए शहर की शान 80 साल पुराना टावर हर कोई उपयोग कर रहा है लेकिन देखभाल की जिम्मेदारी किसकी यह तय नहीं है। नतीजतन हर कोई इसका उपयोग अपने आयोजनों, आंदोलनों में कर लेता है। विज्ञापन चिपका दिए जाते हैं। आयोजक तोड़-फोड़ कर जाते हैं। देखरेख के अभाव में इसमें कई जगह टूट-फूट हो गई है। भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए टॉवर पर लगाए गए ऊंचे झंडे को निकालने में गुरुवार रात टावर का एक गुंबद टूट गया लेकिन किसी ने इसकी शिकायत नहीं की।
टावर की दीवारों पर विज्ञापन पोस्टर चिपके हैं। छत की फर्शियां भी टूटी हुई हैं। एक गुंबद पहले से टूटा पड़ा है। अन्य गुंबद भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। सफाई की ओर भी ध्यान नहीं है।
कांग्रेस ने कहा- भाजपा अध्यक्ष पर केस दर्ज हो
शहर कांग्रेस ने गुंबज टूटने के मामले में भाजपा नगर अध्यक्ष इकबालसिंह गांधी के खिलाफ केस दर्ज की मांग की है। कांग्रेस नेता दीपक मेहरे ने इस संबंध में माधवनगर थाने को आवेदन भी दिया है।
भाजपा ने टूटे हुए हिस्से का सुधार कार्य कराया
भाजपा ने टूटे गुंबद को शुक्रवार दोपहर ठीक कराया। गुंबद के क्षतिग्रस्त हिस्से को फिर से उसी आकार प्रकार में लगाया गया है। दो मिस्त्रियों ने दोपहर में टूटे गुंबद को ठीक किया।
शिकायत तक नहीं की
यह भवन हेरिटेज श्रेणी का है। इसकी देख-भाल जरूरी है। हालाकि निगम ने हाल ही में घड़ियों के रख-रखाव पर 18 हजार रु. खर्च किए। सहायक आयुक्त सुबोध जैन का कहना है कि टावर निगम की संपत्ति नहीं है। इसलिए निगम कार्रवाई नहीं कर पाता। आबकारी विभाग का दफ्तर है। पीआरओ नितिन जोशी के अनुसार विज्ञापन और कार्यक्रम की अनुमति कौन देता है, नहीं पता। डाक विभाग का कार्यालय है लेकिन विभाग ने भी कोई शिकायत नहीं की है।
स्मार्ट सिटी में हेरिटेज भी
स्मार्ट सिटी मिशन में हेरिटेज भवनों का रखरखाव और उनका संरक्षण भी शामिल है। उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इस दिशा में अभी काम शुरू नहीं किया है। फ्रीगंज क्षेत्र को सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए कंपनी ने प्रस्ताव बनाया है। इसके तहत टावर चौक का विकास भी किया जाना है।
सुरक्षा के उपाय करेंगे
टावर के रखरखाव की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सुरक्षा के लिए क्या किया जा सकता है, विचार किया जाएगा। डॉ. विजयकुमार जे, निगमायुक्त