उज्जैन की बहू अपर्णा मिसेज इंडिया यूके के फाइनल में पहुंची
उज्जैन की बहू ने लंदन में हो रही मिसेज इंडिया यूके-2018 प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह बनाई है। इस स्पर्धा में सैकड़ों प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए अपर्णा शर्मा ने क्लासिक्स कैटेगरी में टॉप-15 में शामिल होकर फाइनल में स्थान पाया है। अब 15 अप्रैल को मिसेज इंडिया यूके का ग्रैंड फिनाले होगा। कलर्स टीवी आैर बैंड वर्क द्वारा मिसेज इंडिया यूके कंपीटिशन आयोजित किया जा रहा है। वह सेठी नगर के समीप इंद्रपुरी में रहने वाले सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी जितेंद्र कुमार शर्मा आैर केंद्रीय विद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिका प्रवीण प्रभा शर्मा की पुत्रवधु हैं। जितेंद्र कुमार के पुत्र आशीष पिछले कई वर्षों से लंदन में विप्रो कंपनी में सेल्स एनालिटिकल हेड के पद पर कार्यरत हैं। 38 वर्षीय अपर्णा को क्लासिकल कैटेगरी (35 वर्ष से अधिक) में फाइनल राउंड के लिए चुना गया है। पेशे से मेकअप आर्टिस्ट अपर्णा ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 15 अप्रैल को लंदन के हिल्टन टॉवर ब्रिज होटल में आयोजित किया जाएगा। अपर्णा एक ब्रिटिश फिल्म में भी मैकअप आर्टिस्ट के रूप में काम कर रही हैं। अपर्णा के अनुसार उज्जैन से उनका विशेष लगाव है। उनकी नानी का घर यहीं होने के कारण वह बचपन में भी काफी समय यहीं रही। इसके बाद उनका विवाह उज्जैन में ही हुआ। हालांकि वर्ष 2003 से वह लंदन में रह रही हैं। इस बीच भी उनका उज्जैन आना-जाना लगा रहता है। अपर्णा के अनुसार उज्जैन से ही खरीदे हुए कॉस्मेटिक का उपयोग वह अपने मेकअप के प्रोफेशन में करती हैं। अगर अपर्णा मिसेज इंडिया यूके बनती हैं तो वह आगे मिसेज यूनिवर्स आैर मिसेज वर्ल्ड प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी।
लंदन में कल होगा ग्रैंड फिनाले, पहली बार फैशन आधारित स्पर्धा में भागीदारी की
पहली बार किया कैटवॉक
अपर्णा ने बताया उन्होंने पहली बार किसी फैशन आधारित प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। इसके पहले एक-दो बार स्कूली स्तर पर प्रतियोगिताओं में कैटवॉक किया था लेकिन प्रोफेशनल कंपीटिशन में यह उनका पहला मौका है। सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता की जानकारी मिलने के बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वह शामिल हुई थीं। टेलीफोनिक इंटरव्यू के बाद उनका दिसंबर 2017 में उनका ऑडिशन हुआ। अपर्णा के अनुसार ऑडिशन देते समय उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी कि वह इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचेंगी। फाइनल में पहुंचने पर पति आशीष के अलावा 13 वर्षीय पुत्र आर्नव भी काफी खुश हैं। दोनों मिलकर पिछले चार महीनों से अपर्णा की डाइट का विशेष रूप से ध्यान रख रहे हैं।