शहर में हेल्थ कियोस्क लगाने की तैयारियां की
नगर निगम मुख्यालय के पास इस तरह का बनेगा स्वीमिंग पूल।
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
शहर में हेल्थ कियोस्क लगाने की तैयारी स्मार्ट सिटी कंपनी ने कर ली है। यहां नागरिक न्यूनतम शुल्क देकर अपना सामान्य स्वास्थ्य जांच सकेंगे। यहां ब्लड शूगर, ब्लड प्रेशर, बुखार आदि की जांच स्वयं कर सकेंगे। कियोस्क से जुड़े डॉक्टर की राय भी ले पाएंगे। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने एजेंसी से तीन महीने का अनुबंध किया गया है। एजेंसी शहर में प्रयोग के तौर पर एक हेल्थ कियोस्क लगाएगी। तीन महीने तक इसका संचालन भी करेगी। नागरिकों को यह सुविधा पसंद आती है तो कंपनी सेवा को आगे जारी रखने के लिए एजेंसी से चर्चा करेगी। यह कियोस्क एटीएम की तरह होगा, जहां जांच उपकरण लगे हैं तथा स्क्रीन पर जांच और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी मिलेगी। यह कियोस्क उन लोगों के लिए उपयोगी है जिन्हें बाजार या काम की जगह तबीयत खराब होना महसूस हो। वे कियोस्क पर जाकर शुगर, ब्लड प्रेशर, बुखार जांच सकते हैं। रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर की राय भी ले सकते हैं। कियोस्क पर करीबी अस्पताल के नाम व पते भी रहेंगे। इमरजेंसी की स्थिति में वे वहां उपचार करा सकेंगे। स्मार्ट सिटी कंपनी बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में कंपनी के अनेक टेंडर प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बोर्ड ने अंडर ग्राउंड डक्टिंग के टेंडर को मंजूरी दे दी। वाहनों में जीपीएस, बाइक शेयरिंग, स्मार्ट क्लास रूम, वन एप और स्वीमिंग पूल की योजनाओं के टेंडरों पर मंथन किया गया।
स्वीमिंग पूल का मंत्री जैन करेंगे भूमिपूजन
15 अप्रैल को नगर निगम मुख्यालय आगररोड के पास नए स्वीमिंगपूल का भूमिपूजन ऊर्जा मंत्री पारस जैन करेंगे। इसके लिए नगरीय विकास मंत्री मायासिंह के आने की संभावना थी लेकिन उनका आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। अब मंत्री जैन के हाथों भूमिपूजन होगा। यहां 8.52 करोड़ रु. से स्वीमिंगपूल कम मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी कंपनी ने इसका डिजाइन तैयार किया है। यह ओलंपिक मापदंड के आकार का होगा।