विधायक ने कहा- सीएम की घोषणा पर अमल होगा, श्रमिकों ने जताया संदेह
विधायक ने कहा- सीएम की घोषणा पर अमल होगा, श्रमिकों ने जताया संदेह
उज्जैन | बिनोद मिल्स संघर्ष समिति की बैठक रविवार को श्रम शिविर कोयला फाटक पर हुई। इसमें विधायक अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री की घोषणा को कार्यान्वित कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया वहीं श्रमिकों ने शासन की मंशा पर संदेह जताया। हरिशंकर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ओमप्रकाश भदौरिया, मेवाराम, रशीद भाई, प्रेम भावसार, संतोष सुनहरे, प्रद्योत चंदेल, वीरेंद्र कुशवाह, प्रहलाद यादव मौजूद थे। वक्ताओं में तराना विधायक अनिल फिरोजिया ने श्रमिकों को बकाया भुगतान दिलाने के लिए पूरे प्रयास करने का वादा करते हुए मुख्यमंत्री को उनकी घोषणा कार्यान्वित कराने के लिए अपना योगदान देने का भरोसा दिलाया। अन्य वक्ताओं ने शासन की मंशा पर संदेह प्रकट किया।
निवेश जागरुकता कार्यक्रम आज
उज्जैन | विक्रम विवि शिक्षक संघ द्वारा सोमवार को निवेश जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. कनिया मेडा ने बताया विश्वविद्यालय शिक्षक संघ द्वारा आदित्य बिड़ला केपिटल के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सोमवार शाम 6 बजे होटल सुराना पैलेस में होने वाले कार्यक्रम में इंदौर से आने वाले विषय विशेषज्ञों की टीम विवि के शिक्षकों को निवेश जागरूकता के संबंध में मार्गदर्शन देगी। कार्यक्रम में ओपन सेशन भी होगा, जिसमें उपस्थित प्रोफेसर्स निवेश को लेकर विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर सकेंगे।
असंगठित मजदूर कर्मकार मंडल के आवेदन लिए
ताजपुर | ग्राम पंचायत भवन में ग्रामसभा की बैठक हुई। इसमें असंगठित मजदूर कर्मकार मंडल के आवेदन प्राप्त किए गए। ग्रामसभा की बैठक में ग्राम विकास के कार्य पर विचार-विमर्श किया गया।