पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पंजाब दा लश्कारा: मंच पर लुधियाना के डांस ग्रुप के साथ भांगड़ा

पंजाब दा लश्कारा: मंच पर लुधियाना के डांस ग्रुप के साथ भांगड़ा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कालिदास अकादमी परिसर में रविवार की रात शहरवासी पूरी तरह पंजाबी रंग में रंग गए। पंजाबी तड़के की खुशबू के साथ लुधियाना से आए कलाकारों के साथ सिक्ख समाज के युवा भांगड़ा-गिद्धा आैर पंजाबी गीतों पर थिरकते रहे। वहीं पूरे परिसर में खाट, ट्रैक्टर, कुआं सहित अन्य सजावट के साथ पूरे परिसर को पंजाब की तर्ज पर सजाया गया तो समाजजन उसके आसपास सेल्फी लेने से पीछे नहीं रहे।

पंजाबी साहित्य अकादमी भोपाल के सहयोग से खत्री अरोडवंशीय समाज आैर सिक्ख समाज की ओर से पंजाब दा लश्कारा नाम से वैशाखी मेले का आयोजन किया गया। अकादमी में प्रवेश करते ही पंजाब जीरो किलोमीटर का माइल स्टोन लगाते हुए लालटेन आैर गन्ने से सजाया हुआ प्रवेश द्वार बनाया गया। ऊर्जा मंत्री पारस जैन, सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय, भाजपा नगराध्यक्ष इकबाल सिंह गांधी के साथ खत्री अरोडवंशीय समाज उज्जैन के अध्यक्ष कुलभूषण जुनेजा आैर सिक्ख समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह अरोरा ने पंजाबी वैशाखी मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद लुधियाना के दीप फोक डांस ग्रुप के 20 कलाकारों के दल ने पारंपरिक पंजाबी भांगड़ा आैर गिद्धा नृत्य की प्रस्तुति शुरू की। पारंपरिक पंजाबी वेशभूषा के साथ ग्रुप के साथ समाज के युवा जमकर थिरके। मंच के सामने की ओर से ढाबा स्टाइल में ट्रैक्टर आैर खाट के बीच पंजाबी व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए गए। अमृतसर से आए 30 कारीगरों के दल ने लच्छा पराठा, राजमा, नमकीन लस्सी, हनी गोभी, पनीर टिक्का, भीग कुल्चा, टीप कुल्चा, पकोड़ा सहित कई तरह के पंजाबी व्यंजन तैयार किए। मुक्ताकाशी मंच के सामने चारों तरफ साइकिल रिक्शा, कुआं सहित अन्य पंजाबी स्टाइल में पूरे परिसर को सजाया गया। खास बात यह रही कि इस मेले में पंजाबी समाजजनों के अलावा आम नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम स्थल पर पंजाबी व्यंजनों के स्टॉल, खाट-ट्रैक्टर आैर कुएं बनाकर पंजाबी रंग दिखाया गया।

भांगड़ा और पंजाबी गीतों पर जमकर थिरके युवा

मंच पर लुधियाना के डांस ग्रुप के साथ ही मंच के नीचे भी समाज के युवा भांगड़ा आैर पंजाबी गीतों पर थिरकते रहे।

खबरें और भी हैं...