- Hindi News
- National
- एक माह तक चरक में रहेगी लावारिस बच्ची, दूध पिलाने के लिए डोनर मदर की तलाश
एक माह तक चरक में रहेगी लावारिस बच्ची, दूध पिलाने के लिए डोनर मदर की तलाश
बच्ची का वजन केवल 2 किलो, बॉटल से पूर्ति कर रहे भोजन की
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
शनिवार रात 9 बजे मिली 2 घंटे की नवजात बच्ची को 1 माह तक चरक अस्पताल के एसएनसीयू में ही रखा जाएगा। लावारिस मिली बच्ची को फिलहाल मां के दूध की पूर्ति बॉटल ड्रिपिंग से कर रहे हैं। डॉक्टर्स को ऐसी मां की तलाश है जो उसे अपना दूध पिलाने के लिए तैयार हो जाए।
एसएनसीयू प्रभारी दिलीप वास्कले ने बताया बच्ची का वजन 2 किलो हैं। जन्म लेने वाले बच्चे का वजन 2 किलो से अधिक होना चाहिए। 6 माह तक बच्ची को मां का दूध पिलाना अनिवार्य है, इसके लिए किसी डोनर मदर की तलाश है। प्रभारी वास्कले ने बताया बच्ची को 72 घंटे अब्जर्वेशन मे रखा है। रविवार को चाइल्ड लाइन की टीम भी चरक में बच्ची को देखने पहुंची थी। डॉक्टर्स से बच्ची की पूरी जानकारी लेने के बाद टीम ने चाइल्ड लाइन अधिकारियों को अवगत करा दिया है। केंद्र समन्वयक नरेंद्र सेंगर ने बताया बच्ची के पूरी तरह स्वस्थ हो जाने के बाद बच्ची की जिम्मेदारी लेंगे। बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे मातृछाया में पहुंचाया जाएगा।